आज सावन के दूसरे सोमवार पर उज्जैन स्थित बाबा महाकाल मंदिर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। रविवार से ही कांवड़ यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं का उज्जैन पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर के कपाट तड़के 2:30 बजे ही खोल दिए गए, जिसके बाद से लगातार दर्शन का सिलसिला जारी है।
तड़के भस्म आरती और निरंतर दर्शन
सुबह 2:30 बजे भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद से ही भक्त कतारबद्ध होकर बाबा महाकाल के दर्शन कर रहे हैं, जो रात 10 बजे शयन आरती तक जारी रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और पूरे शहर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
शाम को निकलेगी शाही सवारी
सावन के हर सोमवार की तरह आज भी बाबा महाकाल अपने भक्तों का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे। शाम 4 बजे मंदिर के सभा मंडप में पूजन के बाद यह शाही सवारी अपने पारंपरिक मार्ग से होते हुए रामघाट पहुंचेगी और फिर वापस मंदिर लौटेगी।