MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून की जबरदस्त एंट्री, 4 दिन तक नहीं थमेगी बारिश की बौछार

MP Weather: मध्यप्रदेश में अब मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। प्रदेश के हर कोने में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अशोकनगर, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा और मऊगंज में अगले 24 घंटे में ढाई से साढ़े चार इंच तक बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश भर में अगले चार दिन मौसम इसी तरह से बना रहेगा और कई जगहों पर भारी बारिश देखने को मिलेगी।

मौसम विज्ञान विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि फिलहाल प्रदेश के आस-पास एक लो प्रेशर एरिया सक्रिय है। इसके साथ तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो ट्रफ भी बने हुए हैं। इनमें से एक ट्रफ रेखा तो सीधे मध्यप्रदेश से होकर गुजर रही है। इन सभी सिस्टम्स की वजह से प्रदेश में भारी वर्षा हो रही है। गुरुवार को भी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, अशोकनगर और हरदा जैसे जिलों में लगातार बारिश होती रही। कई इलाकों में तो पानी भर गया और जनजीवन भी थोड़ा प्रभावित हुआ।

MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून की जबरदस्त एंट्री, 4 दिन तक नहीं थमेगी बारिश की बौछार

गुरुवार को राज्य के 16 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश रतलाम में हुई जहां 1.25 इंच पानी गिरा। वहीं इंदौर में भी आधा इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश की वजह से प्रदेश के कई शहरों में तापमान काफी नीचे चला गया। इंदौर में दिन और रात का तापमान लगभग बराबर हो गया। बुधवार-गुरुवार रात का न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री और गुरुवार को दिन में 25.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रतलाम और उज्जैन में भी दिन-रात का अंतर केवल 2 डिग्री रह गया। उज्जैन में रात को 25.5 डिग्री और दिन में 27.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बालाघाट, गुना़, रायसेन, पचमढ़ी और धार जैसे स्थानों पर पारा 30 डिग्री से नीचे चला गया। हालांकि टीकमगढ़ में तापमान सबसे ज्यादा 40.5 डिग्री रहा।

चार दिन तक ऐसे ही बना रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने 20 से 23 जून तक प्रदेश भर में अलग-अलग जिलों के लिए भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

  • 20 जून को अशोकनगर, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज और गुना में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 24 घंटे में साढ़े चार इंच तक पानी गिर सकता है।

  • 21 जून को रीवा और सीधी में बहुत भारी बारिश का अनुमान है जबकि सिंगरौली, मऊगंज और शहडोल में भारी बारिश हो सकती है।

  • 22 जून को गुना, अशोकनगर और शिवपुरी में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

  • 23 जून को दमोह, कटनी, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, गुना और अशोकनगर में तेज बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहेगा।

लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने सभी जिलों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। नालों और पुलों के पास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की गई है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को खासकर ऐसे मौसम में घर में ही रहने की सलाह दी गई है। नगर निगम और प्रशासनिक विभागों ने अपने कंट्रोल रूम एक्टिव कर दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिन तक इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी और बारिश की रफ्तार और भी तेज हो सकती है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!