MP women crime: मध्यप्रदेश के दमोह जिले से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है जहां एक 18 वर्षीय गर्भवती युवती के साथ उसके शादीशुदा प्रेमी और उसके एक साथी ने मिलकर न सिर्फ बलात्कार किया बल्कि उसे जान से मारने की नीयत से खाई में फेंक दिया। यह घटना जिले के सिंगरमपुर चौकी क्षेत्र के टेलन मार्ग की है जो मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर है।
स्थानीय पंचायत प्रमुख की नजर पड़ी तो बची जान
सोमवार सुबह टेलन मार्ग के पास एक खाई में पंचायत प्रधान की नजर गंभीर रूप से घायल युवती पर पड़ी। तत्काल एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे अपनी निजी गाड़ी से जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ डी.के. राय ने बताया कि युवती गंभीर रूप से घायल थी और उसे बेहतर इलाज के लिए दमोह रेफर कर दिया गया है।
पीड़िता ने बताई पूरी आपबीती
जांच के दौरान सामने आया कि पीड़िता कटनी जिले की निवासी है और 7 महीने की गर्भवती है। शुरुआत में वह डरी हुई थी और कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थी। लेकिन जब मेडिकल परीक्षण में उसकी गर्भावस्था की पुष्टि हुई तो उसने पुलिस को पूरी घटना बताई।
युवती ने बताया कि रविवार दोपहर 2 बजे के करीब वह अपने प्रेमी से इलाज के बहाने मिली थी। उसका प्रेमी और उसका भाई उसे दमोह जिले के डूमरगांव गांव ले गए। वहां सुनसान जंगल में उसके साथ गैंगरेप किया गया और फिर मारने की नीयत से खाई में फेंक दिया गया।
पहले ही दर्ज हो चुकी थी गुमशुदगी
कटनी के माधवनगर थाने में युवती की गुमशुदगी की शिकायत पहले ही दर्ज की जा चुकी थी। जबेरा थाना प्रभारी विकास चौहान के मुताबिक युवती के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रभारी अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी शादीशुदा है और पहले से युवती से प्रेम संबंध में था। पुलिस ने बताया कि युवती नाबालिग थी जब उसके साथ पहली बार यौन शोषण हुआ था इसलिए पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया बलात्कार और हत्या के प्रयास का मामला
कटनी जिले के माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि मुख्य आरोपी के खिलाफ बलात्कार, हत्या के प्रयास और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की तह तक जाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।


