MPPSC Recruitment: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2023 की अंतिम चरण की प्रक्रिया यानी इंटरव्यू सोमवार से शुरू हो रही है। इस बार आयोग ने इंटरव्यू प्रक्रिया को पहले से ज्यादा पारदर्शी और गोपनीय बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। अब अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में न तो अपना उपनाम भरना होगा और न ही मोबाइल नंबर या ईमेल जैसी निजी जानकारी।
एक महीने से ज्यादा चलेगा इंटरव्यू राउंड
इस बार इंटरव्यू प्रक्रिया को विस्तारित किया गया है। पहले यह प्रक्रिया 18 से 20 दिनों में पूरी हो जाती थी लेकिन इस बार इंटरव्यू लगभग एक से डेढ़ महीने तक चलेंगे। प्रतिदिन 60 से 65 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। कुल 800 अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होंगे जो राज्य सेवा परीक्षा-2023 की मुख्य परीक्षा में चयनित हुए हैं।

राज्य सेवा परीक्षा के माध्यम से इस बार कुल 229 पदों पर भर्ती की जा रही है। इन पदों में 27 डिप्टी कलेक्टर, 22 डीएसपी, 17 जनपद पंचायत सीईओ, 16 खंड विकास अधिकारी, 122 सहकारी निरीक्षक, 17 नगर पालिका प्रमुख अधिकारी, 3 नायब तहसीलदार और 3 आबकारी उप निरीक्षक शामिल हैं। सभी नियुक्तियां मध्यप्रदेश के आठ विभागों में की जाएंगी।
पहली बार विभाग चुनने का मौका
इस बार उम्मीदवारों को इंटरव्यू के दौरान अपनी पसंद के विभागों की प्राथमिकता देने का अवसर मिलेगा। यह पहल इसलिए की गई है ताकि अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार विभाग में नियुक्ति मिल सके। आयोग के अधिकारियों का कहना है कि इससे चयन प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और निष्पक्ष होगी।
राज्य सेवा परीक्षा 2023 का नोटिफिकेशन अक्टूबर 2023 में जारी हुआ था। प्रारंभिक परीक्षा जनवरी 2024 और मुख्य परीक्षा मार्च 2024 में आयोजित की गई थी। लगभग नौ महीने की लंबी प्रक्रिया के बाद 30 दिसंबर 2024 को मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ था। अब इंटरव्यू की तैयारियों को लेकर आयोग ने पूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं और सभी चयनित उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड जारी किए जा रहे हैं।


