सागर में गांजे की अवैध खेती पर पुलिस का छापा,पेड़ों को कटवा पुलिस ने जब्त किया गांजा

सागर। सागर के बंडा और रहली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजे की खेती पकड़ी है। बंडा के दलपतपुर में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 200 पौधे गांजे के जब्त किए हैं। वहीं रहली थाना क्षेत्र में करीब 50 गांजे के पौधे पकड़े गए हैं। गांजा जब्त कर पुलिस ने थाने में रखवाया है। मामले में कार्रवाई शुरू की गई, जो देर रात तक जारी रही। मामले में पुलिस खेत मालिक की तलाश कर रही है।

 

सूचना के अनुसार मंगलवार को पुलिस को बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम दलपतपुर में अवैध रूप से गांजे की खेती की जाने की सूचना मिली। खबर मिलते ही एसपी अतुल सिंह ने टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की। बंडा थाना प्रभारी मानस द्विवेदी पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के लिए दलपतपुर पहुंचे और खेत में देखा तो दंग रह गए। खेत में करीब 200 गांजे के पौधे लगे हुए थे। मामले में पुलिस ने मजदूरों की मदद से खेत में लगे गांजे के पौधों को कटवाया। जब्त कर लोडिंग और पुलिस वाहन से गांजे के पौधे थाने लाए गए। थाने में तुलाई में 1 क्विंटल से अधिक गीला गांजा होना पाया गया।

 

ठीक इसी तरह पुलिस टीम ने रहली थाना क्षेत्र के एक खेत में दबिश दी। जहां कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 50 गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इसके अलावा सानौधा थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। हालांकि यहां गांजे के पौधे नहीं मिले। मामले में पुलिस जांच कर रही है। साथ ही खेत मालिकों की जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!