Raghav Juyal, जिन्हें आज पूरा देश ‘किंग ऑफ स्लो मोशन‘ के नाम से जानता है, आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। राघव का जन्म 1991 में देहरादून में हुआ था। उनके पिता वकील हैं और चाहते थे कि राघव पढ़ाई में ध्यान दें। लेकिन राघव का दिल बचपन से ही डांस में लगता था। जब उन्होंने देहरादून छोड़कर मुंबई का रुख किया तो किसी को उम्मीद नहीं थी कि यह लड़का एक दिन बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाएगा।
रिएलिटी शो से मिली पहचान
राघव ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में डांस रियलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस’ से की थी। ऑडिशन में उनके स्लो मोशन डांस स्टाइल ने सबको चौंका दिया था। हालांकि वह टॉप-8 में जगह नहीं बना सके और शो से बाहर हो गए थे। लेकिन किस्मत ने उन्हें एक और मौका दिया और वह वाइल्ड कार्ड एंट्री से वापस आए। इसके बाद उन्होंने ऐसा धमाल मचाया कि वह हर घर का नाम बन गए।
View this post on Instagram
होस्टिंग में भी छाए राघव
डांस के बाद राघव ने उसी शो की होस्टिंग शुरू की जिसमें वह कभी प्रतिभागी थे। राघव की कॉमिक टाइमिंग, हाजिरजवाबी और अनोखे अंदाज ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया। कोरियोग्राफर रेमो डिसूज़ा ने उनके टैलेंट को पहचाना और उन्हें फिल्मों की ओर बढ़ने का मौका दिया। यही वजह रही कि राघव ने अपनी पहली फिल्म ‘सोनाली केबल’ में अभिनय किया। हालांकि फिल्म खास नहीं चली लेकिन राघव का आत्मविश्वास बरकरार रहा।
एक्टर के रूप में नई पहचान
2015 में आई फिल्म ‘ABCD 2’ राघव के लिए मील का पत्थर साबित हुई। इस फिल्म में वरुण धवन और श्रद्धा कपूर जैसे सितारों के साथ राघव ने भी एक मजबूत किरदार निभाया। फिल्म हिट हुई और राघव को फिल्म इंडस्ट्री में नई पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने ‘स्ट्रीट डांसर’, ‘अभय’ जैसी वेब सीरीज़ और ‘किसी का भाई किसी की जान’ में दमदार भूमिकाएं निभाईं। उनकी एक्शन फिल्म ‘किल’ और ‘युद्ध्रा’ में भी उनकी परफॉर्मेंस की काफी तारीफ हुई।
जन्मदिन पर फैंस ने लुटाया प्यार
आज राघव जुयाल के जन्मदिन पर बॉलीवुड से लेकर उनके लाखों फैंस तक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। राघव ने दिखा दिया है कि अगर मेहनत और जज्बा हो तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रह सकता। एक छोटे शहर से आया लड़का आज न सिर्फ डांस की दुनिया में बल्कि एक्टिंग में भी चमक रहा है। राघव की कहानी हर उस युवा के लिए प्रेरणा है जो अपनी पहचान खुद बनाना चाहता है।


