Raja Bhoj Airport: भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट ने एक बार फिर देश के सभी हवाई अड्डों को पीछे छोड़ते हुए अपने बेहतरीन प्रदर्शन से पहला स्थान हासिल किया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा जनवरी से जून 2025 के बीच कराई गई कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे (CSS) में इस एयरपोर्ट को 5 में से परफेक्ट 5.00 की रेटिंग मिली है। यह लगातार तीसरी बार है जब राजा भोज एयरपोर्ट ने यह उपलब्धि पाई है।
30 से ज्यादा पैमानों पर हुआ मूल्यांकन
यह रैंकिंग केवल एक सुविधा के आधार पर नहीं दी गई है बल्कि इस सर्वे में यात्रियों से 30 से ज्यादा पैमानों पर प्रतिक्रिया ली गई। इनमें प्रमुख रूप से सुरक्षा जांच की प्रक्रिया, टर्मिनल और वॉशरूम की सफाई, चेक-इन और बोर्डिंग की आसानी, स्टाफ का व्यवहार, खाने की गुणवत्ता, वाई-फाई की स्पीड, बैठने की व्यवस्था, डिजिटल डिस्प्ले और दिशा-निर्देशों की स्पष्टता शामिल रहे। इन सभी में भोपाल एयरपोर्ट ने शानदार प्रदर्शन किया।

यात्रियों को मिलीं बेहतरीन सुविधाएं
भोपाल एयरपोर्ट यात्रियों को केवल अपनी सुंदरता से ही नहीं बल्कि जमीनी सुविधाओं से भी खुश कर रहा है। यहां का शांत और सुरक्षित वातावरण, स्वादिष्ट और किफायती खाने की व्यवस्था, तेज और मुफ्त वाई-फाई, बहुभाषी डिजिटल संकेत, स्वच्छ शौचालय और हर कोने में स्पष्ट दिशा-निर्देश यात्रियों को खूब भा रहे हैं।
यात्रियों की संख्या में भी बढ़त
हालांकि जून 2025 में कुल 1,36,675 यात्रियों ने इस एयरपोर्ट से सफर किया जो मई की तुलना में करीब 4,000 कम हैं, लेकिन जून 2024 की तुलना में यह संख्या बढ़ी है। पिछले साल जून में जहां 1,33,922 यात्रियों ने यात्रा की थी वहीं इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 1,36,675 हो गया। यानी एक साल में 2,753 यात्रियों की वृद्धि दर्ज की गई है।
भोपाल एयरपोर्ट बना भरोसे का नाम
लगातार तीन वर्षों से शीर्ष स्थान पाना यह दर्शाता है कि भोपाल का राजा भोज एयरपोर्ट अब देश के प्रमुख और भरोसेमंद एयरपोर्ट्स में गिना जाने लगा है। यात्रियों की सुविधा और अनुभव को प्राथमिकता देने की नीति का ही यह परिणाम है। इससे न केवल मध्य प्रदेश को गर्व है बल्कि यह एयरपोर्ट अब राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना चुका है।


