Raja Raghuvanshi Case: राजा रघुवंशी की शादी 11 मई को इंदौर की सोनम से हुई थी। शादी के बाद दोनों 20 मई को मेघालय घूमने गए थे। पर किसी को क्या पता था कि ये हनीमून उनका आखिरी सफर बन जाएगा। 23 मई को राजा अचानक गायब हो गए और 2 जून को उनकी लाश एक गहरे झरने के पास बुरी हालत में मिली। यह घटना पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है और अब यह केस एक हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री बन गया है।
पुलिस की बड़ी सफलता, गटर से मिली पिस्तौल और मोबाइल
मेघालय की शिलॉंग पुलिस ने इस केस में बड़ी सफलता पाई जब उन्होंने आरोपी विशाल के लिए कमरा दिलाने वाले ब्रोकर शिलॉम जेम्स को पकड़कर पुराने पलासिया के नाले में उतारा। जेम्स ने खुद उस जगह की जानकारी दी थी जहाँ हत्या से जुड़े सबूत छिपाए गए थे। नाले से एक सफेद बैग में पिस्तौल, सोनम का मोबाइल और कुछ दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस की एसआईटी ने इसकी पुष्टि की है।

साजिश का तीसरा प्लान: पिस्तौल से हत्या की थी तैयारी?
राजा के भाई विपिन का दावा है कि सोनम ने सिर्फ एक ही नहीं बल्कि तीन प्लान बनाए थे राजा को मारने के लिए। पहले सेल्फी पॉइंट से धक्का देने की कोशिश, फिर अपने तीन दोस्तों से हत्या करवाना और अगर ये भी न होता तो सोनम खुद पिस्तौल से राजा को मार देती। पुलिस को ब्रोकर जेम्स की कार से एक लाख रुपए भी मिले हैं जो संभवतः हवाला की रकम हो सकती है।
सोनम और उसके प्रेमी का काला सच
इस केस में सोनम, उसके प्रेमी राज कुशवाहा और उसके तीन दोस्तों विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुरमी को गिरफ्तार किया गया है। शादी के 12 दिन बाद ही सोनम ने अपने पति राजा को एक साजिश के तहत मेघालय बुलाया और वहीं उसे मरवा दिया। राजा की हत्या कितनी बेरहमी से की गई थी, इसका अंदाजा उसकी हालत देखकर लगाया जा सकता है।
सबूतों की परतें खुल रही हैं, लेकिन सवाल बाकी हैं
इंदौर पुलिस को शक है कि हत्या के बाद सोनम कई दिनों तक जिस फ्लैट में रुकी थी, वहीं से ये हथियार और अन्य सामान गायब हुआ था। वहां से भी 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। अब जब नाले से पिस्तौल और मोबाइल मिले हैं, तो पुलिस को सोनम की साजिश और अधिक स्पष्ट रूप से समझ आ रही है। लेकिन अभी भी यह सवाल बना हुआ है कि क्या इसके पीछे और कोई बड़ा नेटवर्क या मकसद छिपा है?


