Raja Raghuvanshi Case: सचिन ने उठाई उंगली– क्या सोनम का परिवार जानता है राजा के कत्ल की असली वजह?

Raja Raghuvanshi Case: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब मृतक के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी लगातार पुलिस को गुमराह कर रही है और सच्चाई छिपा रही है। सचिन का कहना है कि सोनम और उसके साथियों को इंदौर लाकर जांच की जानी चाहिए ताकि साजिश की पूरी परतें खुल सकें। राजा की मौत मेघालय में हनीमून ट्रिप के दौरान हुई थी और इस केस में कई चौंकाने वाले खुलासे हो चुके हैं।

शिलॉन्ग कोर्ट ने इस केस में सोनम रघुवंशी और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा की पुलिस हिरासत दो दिन और बढ़ा दी है। वहीं दूसरी ओर राजा के भाई का कहना है कि आठ दिन की पूछताछ के बावजूद सोनम ने पुलिस को कोई अहम जानकारी नहीं दी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सोनम को लंबे समय तक पुलिस हिरासत में रखकर गहराई से पूछताछ की जानी चाहिए क्योंकि वह जानबूझकर जांच में बाधा पहुंचा रही है।

नार्को टेस्ट की मांग और गहरी साजिश का संदेह

सचिन रघुवंशी ने मांग की है कि सोनम के पूरे परिवार का नार्को एनालिसिस टेस्ट करवाया जाए। उनका कहना है कि सिर्फ सोनम ही नहीं बल्कि उसके करीबी रिश्तेदार और दोस्त भी इस साजिश में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी साजिश अकेले कोई नहीं रच सकता। ये हत्या एक सुनियोजित प्लानिंग का हिस्सा लगती है। सचिन ने ये भी कहा कि हत्याकांड के पीछे का मकसद क्या था इसे सामने लाना जरूरी है और इसके लिए सोनम समेत सभी आरोपियों से विस्तार से पूछताछ होनी चाहिए।

मां की तड़प – “मेरे बेटे को क्यों मारा?”

राजा की मां उमा रघुवंशी का दिल आज भी बेटे की याद में रोता है। उन्होंने कहा कि जब तक सोनम खुद अपने मुंह से नहीं बताएगी कि उसने मेरे बेटे को क्यों मारा, तब तक मुझे चैन नहीं मिलेगा। मां बार-बार यही सवाल कर रही थीं – “क्या मेरा बेटा इतना बुरा था? क्यों मारा उसे? उसके दोस्त और रिश्तेदार क्या चाहते थे?” उन्होंने जोर देकर कहा कि सोनम और उसके करीबियों से खुलकर पूछताछ होनी चाहिए ताकि उन्हें अपने बेटे की मौत का असली कारण पता चल सके।

राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में सोनम, उसके प्रेमी राज कुशवाहा और उनके तीन साथी – विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया जा चुका है। हत्या 23 मई को मेघालय में की गई थी जब राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून पर गया था। राजा की लाश 2 जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) क्षेत्र में एक गहरी खाई से मिली थी। सोनम ने 8 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने सरेंडर किया जबकि अन्य आरोपी मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार हुए। शिलॉन्ग कोर्ट ने जहां सोनम और कुशवाहा की पुलिस हिरासत दो दिन और बढ़ाई है वहीं बाकी तीन आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!