Raja Raghuvanshi Case: राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी को लेकर सब कुछ सामान्य लग रहा था लेकिन एक शर्त ने इस रिश्ते को रहस्य और दुख में बदल दिया। सोनम ने राजा के सामने शर्त रखी कि वह तब तक शारीरिक संबंध नहीं बनाएगी जब तक वह कामाख्या देवी मंदिर नहीं जाएगी। राजा ने इस शर्त को पूरे दिल से स्वीकार किया और सोनम को कामाख्या देवी मंदिर लेकर गया। वहां से उसने एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की जिसमें वह पहाड़ियों के बीच खड़ा मुस्कुराता हुआ नजर आ रहा है। इस तस्वीर को शायद सोनम ने ही खींचा था पर उस तस्वीर के पीछे छिपा था एक खौफनाक अंत जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
राजा की मासूमियत और सोनम की साजिश
राजा रघुवंशी एक सीधा साधा लड़का था जिसने अपनी फैमिली की मर्जी से सोनम से शादी की थी। वह चाहता था कि उसका नया रिश्ता पूरी तरह से सफल हो इसलिए उसने पत्नी की हर बात मानी। कामाख्या देवी मंदिर जाना भी उसी का हिस्सा था क्योंकि वह रिश्ते को पूरी श्रद्धा से निभाना चाहता था। लेकिन सोनम के मन में कुछ और ही चल रहा था। अगर वह इस शादी से खुश नहीं थी तो वह साफ मना कर सकती थी। वह अपने माता पिता से लड़ सकती थी पर उसने ऐसा नहीं किया। उसने एक घातक प्लान बनाया जिसमें राजा की जान चली गई।

सोनम और राज कुशवाहा का खतरनाक रिश्ता
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सोनम का किसी और से प्रेम संबंध था और वह कोई और नहीं बल्कि राज कुशवाहा था। सोनम ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। यह कोई भावनात्मक आवेग नहीं बल्कि एक सोची समझी साजिश थी जिसमें एक पति की जान ली गई। राज कुशवाहा ने इस हत्या को अंजाम देने के लिए तीन शूटरों को हायर किया और उन्हें आदेश दिया कि राजा को मार दिया जाए। यह सब कुछ इतने खामोशी से हुआ कि किसी को शक तक नहीं हुआ। लेकिन हत्या के बाद जैसे ही पुलिस ने जांच शुरू की परत दर परत सच्चाई सामने आती चली गई।
जून में मिली लाश और जुड़ते गए सबूत
राजा रघुवंशी की लाश दो जून को मिली थी। लाश मिलने के बाद यह समझ पाना मुश्किल था कि यह कोई सामान्य हत्या है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो सोनम की गतिविधियों पर नजर रखी गई। कुछ दिनों बाद सोनम ने अपने भाई को लोकेशन भेजी जो गाजीपुर उत्तर प्रदेश की थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोनम को गिरफ्तार किया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान जो बातें सामने आईं उसने सबको चौंका दिया। प्यार और शादी की आड़ में की गई इस हत्या ने रिश्तों की सच्चाई पर सवाल खड़ा कर दिया।
सोशल मीडिया की तस्वीर बनी सबसे बड़ा सुराग
राजा रघुवंशी ने जो तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली थी वह बाद में पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण सुराग बनी। वह तस्वीर बताती है कि वह उस समय खुश था और अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त था। लेकिन शायद वह नहीं जानता था कि उसके ठीक पास खड़ी उसकी पत्नी ही उसकी मौत का कारण बनने वाली है। तस्वीर में जो मुस्कुराहट दिखती है वह अब डरावनी बन गई है। यह तस्वीर अब सबूत बनकर अदालत की फाइलों में दर्ज हो चुकी है और इसका हर पिक्सेल एक कहानी कह रहा है। एक ऐसी कहानी जिसमें प्यार के नाम पर विश्वास को मार डाला गया।


