Raja Raghuvanshi Murder Case: इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब जांच निर्णायक मोड़ पर है। शिलॉन्ग पुलिस द्वारा आठ दिन की रिमांड पर भेजे गए पांचों आरोपियों की रिमांड अवधि पूरी हो चुकी है। अब सभी आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस की ओर से संभावना जताई जा रही है कि वह दोबारा रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी ताकि पूछताछ और सबूत जुटाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। कोर्ट इस पर फैसला लेगा कि क्या सभी आरोपियों की रिमांड बढ़ाई जाए या उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाए। इसमें राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी समेत पांच लोग शामिल हैं, जिन पर हत्या की साजिश और क्रियान्वयन का आरोप है।
शादी के दो हफ्ते बाद हनीमून पर गई जोड़ी का दुखद अंत
राजा रघुवंशी और सोनम की शादी को सिर्फ दो हफ्ते हुए थे जब दोनों हनीमून के लिए शिलॉन्ग गए थे। 23 मई को दोनों अचानक गायब हो गए। परिवार और पुलिस पहले इसे लापता मामला मान रही थी। लेकिन जब 2 जून को राजा की लाश मिली तो मामला एकदम से हत्या में बदल गया। इसके बाद सोनम की तलाश तेज़ हुई और वह उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर में पुलिस को मिली जहां उसने आत्मसमर्पण कर दिया। जांच में सामने आया कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची थी और इसके लिए तीन भाड़े के हत्यारों को शिलॉन्ग बुलवाया गया था।

राजा की हत्या की कहानी: तीन बार कोशिश फिर कामयाबी
शिलॉन्ग पहुंचे हत्यारों ने राजा को मारने के लिए तीन बार कोशिश की थी। पहली बार उन्होंने गुवाहाटी के पास कोशिश की थी। फिर नोंग्रियाट और बाद में वेसाडोंग फॉल्स के पास हमला करने की योजना बनाई गई थी। आखिरकार तीसरी बार वे राजा को मारने में सफल हो गए। हत्या के लिए दो बड़े धारदार हथियार ‘दाव’ का इस्तेमाल हुआ। पुलिस को इनमें से एक हथियार मिल गया है लेकिन दूसरा अभी तक बरामद नहीं हुआ है। आरोपियों ने बताया कि उसे उसी खाई में फेंका गया जिसमें राजा की लाश मिली थी। पुलिस अब उस स्थान पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पूरे केस की परतें खुल रही हैं, पुलिस कर रही है सीन रिक्रिएशन
पुलिस इस हत्याकांड से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ने में लगी है। पूछताछ में जो बातें सामने आई हैं, उन्हें पुख्ता करने के लिए सीन रिक्रिएट किए जा रहे हैं। सोनम और राज ने जिन लोगों को हत्या के लिए किराए पर बुलाया था, उनसे पूछताछ में काफी कुछ सामने आया है। पुलिस अब सबूत जुटा रही है और बाकी एंगल जैसे मोबाइल कॉल डिटेल, पैसों का लेन-देन, और सोनम और राज की पुरानी बातचीत की भी जांच कर रही है। इस केस ने देशभर का ध्यान खींचा है क्योंकि इसमें एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को हनीमून ट्रिप पर मरवा दिया।


