भोपाल/ग्वालियर। मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग की नियुक्तियों को लेकर सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। पिछले करीब 15 दिनों से राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया में यह चर्चा जोरों पर थी कि रेखा यादव को अध्यक्ष और समीक्षा गुप्ता को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। लेकिन अंतिम फैसले में बड़ा ट्विस्ट सामने आया है।
जारी आदेश में रेखा यादव को राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि साधना स्थापक को सदस्य बनाया गया है। वहीं सबसे ज्यादा चर्चा में रही समीक्षा गुप्ता का नाम एक बार फिर सूची से बाहर रह गया है।
सूत्रों के मुताबिक, समीक्षा गुप्ता की नियुक्ति को लेकर अंदरखाने तीखी खींचतान चली। बताया जा रहा है कि ग्वालियर क्षेत्र के एक मंत्री ने इस नियुक्ति का कड़ा विरोध किया और संगठन व सत्ता दोनों स्तर पर अपना “वीटो” लगा दिया। यहां तक कहा जा रहा है कि उन्होंने साफ तौर पर संकेत दिए कि अगर समीक्षा गुप्ता को पद दिया गया तो वे मंत्री पद से इस्तीफा तक दे सकते हैं।
इसी दबाव और सियासी समीकरणों के चलते संगठन लंबे समय तक असमंजस में रहा और आखिरकार फैसला बदल दिया गया। नतीजतन, जहां एक ओर रेखा यादव को अध्यक्ष बना दिया गया, वहीं साधना स्थापक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया, लेकिन समीक्षा गुप्ता का नाम फिर टल गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठने लगा है कि क्या महिला आयोग की नियुक्तियों में सियासी दबाव हावी हो गया है? हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन अंदरखाने की चर्चाओं ने मामला गर्मा दिया है।


