Thursday, April 17, 2025

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह सिंधिया को लेकर कही ये बड़ी बात

अशोकनगर । प्रियंका गांधी के ग्वालियर रैली की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए राधोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह अशोकनगर पहुंचे। उन्होंने यहां केंद्रीयमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सिंधिया जी के समर्थक विधायक व मंत्री पार्टी को नहीं मानते, वह केवल उनको मानते हैं। कांग्रेस ने उनको सम्मान व पद दिया, लेकिन उन्होंने कांग्रेस के साथ धोखा किया।

 

जयवर्धन ने कहा कि आज भी हम देख रहे हैं कि ग्वालियर चंबल संभाग के वरिष्ठ भाजपा नेता आज कहां संतुष्ट हैं। नरेन्द्र सिंह तोमर, जयभान सिंह पवैया, नरोत्तम मिश्रा और बीडी शर्मा असंतुष्ठ हैं। आज महाराज की भाजपा अलग और नाराजों की भाजपा अलग है। यह बात अशोकनगर में शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुशवाह के फॉर्म पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयवर्धन सिंह ने कही।

 

 

उन्होंने कहा कि कुछ ही समय पहले यादव समाज का एक सम्मेलन किया था। सिंधिया जी उस सम्मेलन में आए थे, लेकिन उसमें क्षेत्रीय सांसद डा. केपी यादव को नहीं बुलाया। इसी तरह एक अन्य सम्मेलन रघुवंशी समाज का था, उसमें भी कोलारस विधायक वीरेन्द्र सिंह रघुवंशी को नहीं बुलाया। ये दोनों सिंधिया से पहले ही भाजपा में चले गए थे, इनको सम्मान क्यों नहीं मिल पा रहा है।

 

 

राधोगढ़ में कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की लाड़ली बहना योजना को लेकर सभा हुई थी। पत्रकारों ने कार्यक्रम पर सवाल किया, तो जयवर्धन सिंह बोले कि मप्र सरकार के खजाने को निजी कार्यक्रमों में लुटाया जा रहा है। एक-एक कार्यक्रम पर दो-दो करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। राघौगढ़ में कार्यक्रम हुआ था, उसमें करीब 65 लाख रुपए तो बसों से लोगों को लाने में खर्च किए थे। सिंह ने कहा कि सरकार चाहती तो इस राशि को विकास कार्यों में भी लगा सकती थी।

 

जयवर्धन सिंह ने कहा कि लाड़ली बहना योजना में मप्र के मुख्यमंत्री ने महिलाओं को तीन हजार रुपए तक की राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वैसे तो उनकी हर सभा में 10-12 घोषणाएं तो झूठी होती हैं। अब उन्होंने घोषणा कर ही दी है, तो 3 हजार रुपए की राशि चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में डालें।

 

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान राशि देने की शुरूआत भाजपा ने नहीं बल्कि कांग्रेस ने की थी। हिमाचल में हमारी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी जी ने 1500 रुपए देने की घोषणा की थी। सरकार बनने के बाद यह राशि महिलाओं को प्रदेश में दी जा रही है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो दिसंबर महीने से ही महिलाओं को 1500 रुपए की राशि और 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!