25.1 C
Bhopal
Friday, September 20, 2024

 ‘बेटा-बेटी राघौगढ़ किले में प्रवेश भी नहीं देते’, बीजेपी का दिग्विजय पर बड़ा हमला

Must read

भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर राजनीतिक हमलों के केंद्र में हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा पर की गई उनकी विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा ने दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि दिग्विजय सिंह के बेटे और बेटी उन्हें राघौगढ़ किले में प्रवेश तक नहीं करने देते हैं।

आशीष अग्रवाल ने अपने ट्वीट में लिखा, “दिग्विजय सिंह के बुरे दिन चल रहे हैं। उन्हें कांग्रेस कार्यालय के अंदर प्रेसवार्ता करने की अनुमति नहीं मिल रही है, और बौखलाहट में वह सुर्खियाँ बटोरने के लिए शब्दों की मर्यादा तक तोड़ रहे हैं।” उन्होंने दिग्विजय सिंह को ‘मिस्टर बंटाधार’ और ‘आतंकियों के पैरोकार’ कहते हुए निशाना साधा।

अग्रवाल ने दावा किया कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। उन्होंने कहा, “अगर 2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा को 163 सीटों पर जीत मिली, और लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटों पर विजय हासिल हुई, तो इसका श्रेय वीडी शर्मा को जाता है।”

आशीष अग्रवाल ने दिग्विजय सिंह पर व्यक्तिगत हमले जारी रखते हुए कहा, “आप जैसे असफल और अलोकप्रिय नेता राजनैतिक पुरुषार्थ में सूक्ष्म और बौने ही साबित होंगे।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह के आतंकियों की हिमायत से जुड़े वीडियो उनके “कुरूप चरित्र” को सार्वजनिक और प्रमाणित करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया, “आपके बेटे और बेटी आपको राघौगढ़ किले में प्रवेश क्यों नहीं देते?”

तहजीब और शायरी का तंज

अग्रवाल ने दिग्विजय सिंह के लिए एक शायरी भी साझा की:
“दुनिया ये मोहब्बत को मोहब्बत नहीं देती,
इनाम तो बड़ी चीज़ है, कीमत नहीं देती,
देने को मैं भी दे सकता हूँ गाली उसे,
मगर मेरी तहजीब मुझे इजाज़त नहीं देती।”

अंत में, उन्होंने दिग्विजय सिंह को चेतावनी दी कि वह ज्यादा बयानबाजी न करें और अपने “स्तरहीन शब्दों” के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा को लेकर की गई एक विवादित टिप्पणी के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इस टिप्पणी को लेकर दिग्विजय सिंह पर लगातार हमले किए हैं।

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest News

error: Content is protected !!