Squid Game Season 3: साल 2021 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई साउथ कोरियन वेब सीरीज़ ‘स्क्विड गेम’ ने दुनियाभर के दर्शकों को हिला कर रख दिया था। इस सीरीज़ में ऐसा खेल दिखाया गया जिसमें कर्ज में डूबे लोग करोड़ों जीतने की लालच में अपनी जान को दांव पर लगाते हैं। अब इस सीरीज़ का तीसरा और आखिरी सीजन 27 जून को रिलीज़ हो चुका है और इसके साथ ही दर्शक फिर से खौफनाक दुनिया में कदम रखने के लिए तैयार हैं। नेटफ्लिक्स ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि इस बार का खेल और भी ज्यादा खूनी और खतरनाक होगा।
कब, कहां और कितने बजे देख सकते हैं स्क्विड गेम 3
‘स्क्विड गेम’ सीजन 3 को 27 जून से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है। भारत में यह सीरीज़ दोपहर 12:30 बजे से उपलब्ध हो गई है। खास बात यह है कि इस बार एक साथ सभी 6 एपिसोड रिलीज़ किए गए हैं जिससे दर्शक बिना रुके इसे बिंज वॉच कर सकते हैं। नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक पोस्ट में मजाकिया अंदाज में लिखा – “गुड लुक्स, गुड लुक्स और गुड लुक्स (जो जानलेवा हो सकते हैं)।” इसका मतलब साफ है कि इस बार भी सीरीज़ में देखने को मिलेगा स्टाइल, सस्पेंस और शॉकिंग ट्विस्ट।
Good looks, good looks, and good looks (can kill) ✨👀
Watch Squid Game Season 3, out 27 June, only on Netflix. pic.twitter.com/MA7LThTqE0— Netflix India (@NetflixIndia) June 25, 2025
सीजन 3 की कहानी: बदले की आग और खूनी खेल
सीजन 3 की कहानी सीजन 2 के दिल तोड़ देने वाले अंत के ठीक बाद से शुरू होती है। जहां गी-हुन (ली जंग-जे) फ्रंटमैन के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश करता है लेकिन असफल रहता है। फ्रंटमैन, जो कि प्लेयर 001 है, गी-हुन के सबसे करीबी दोस्त जंग-बे को बेरहमी से मार देता है। अब गी-हुन अपराधबोध और दुख में डूबा हुआ है लेकिन खेल रुकता नहीं। एक और नया गेम शुरू हो चुका है जिसमें बचे हुए खिलाड़ियों को और भी ज्यादा घातक परिस्थितियों से गुजरना होगा। सवाल यही है – क्या गी-हुन इस बार फ्रंटमैन को बेनकाब कर पाएगा या वो खुद इस खेल का शिकार बन जाएगा?
कौन-कौन है इस बार की स्टारकास्ट में
इस सीजन में कई पुराने किरदारों की वापसी हुई है वहीं कई नए चेहरे भी नजर आएंगे। गी-हुन के रोल में फिर से दिखाई देंगे ली जंग-जे। वहीं फ्रंटमैन की भूमिका में ली ब्युंग-हुन फिर से वापसी कर रहे हैं। इनके अलावा वी हा-जून, यिम सी-वॉन, कांग हा-न्यूल, पार्क सुंग-हून, यांग डोंग-ग्यून, कांग ऐ-सिम, जो यूरी, ली डेविड और रो जे-वोन जैसे नए खिलाड़ी इस खूनी खेल का हिस्सा बनेंगे। सभी किरदारों को अलग-अलग नंबर दिए गए हैं जो कहानी में अहम भूमिका निभाएंगे।
एक साथ सभी एपिसोड: फैंस के लिए बड़ा तोहफा
इस बार नेटफ्लिक्स ने सभी 6 एपिसोड एक साथ रिलीज़ कर दिए हैं जिससे फैंस एक ही दिन में पूरी सीरीज़ देख सकते हैं। ‘स्क्विड गेम’ की यह खास बात रही है कि हर एपिसोड दर्शकों को झकझोर कर रख देता है। हर किरदार की मौत के पीछे एक कहानी होती है और हर जीत के पीछे एक गहरा त्याग। तीसरे सीजन को देखते हुए यह साफ है कि यह सीरीज़ अपने सबसे खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुकी है।


