बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का बयान: एक-दो राज्यों को छोड़कर बाकी राज्यों में नहीं है किसान आंदोलन का असर

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन चौधरी ने दावा किया है कि दिल्ली में चल रहा किसान आंदोलन एक -दो राज्यों सहित देश के कुछ ही हिस्से में संचालित है जबकि मध्य प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में इसका कोई असर नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों से सरकार निरंतर संपर्क में है। अधिकांश संगठन सरकार के समर्थन में है। जल्द ही किसान आंदोलन का पटाक्षेप भी हो जाएगा। किसान मेरा गौरव है। इस मकसद को लेकर किसान मोर्चा ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में यात्राएं की है। किसानों ने भारतीय जनता पार्टी में भरोसा जताया है। आने वाले उपचुनाव में भी किसान भाजपा को समर्थन करेंगे ऐसा दावा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने किया है।

 

ग्वालियर में रविवार को पहुंचे मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन चौधरी ने कहा, कि कोरोना संक्रमण के कारण अर्थव्यवस्था की स्थिति गड़बड़ा गई थी। लेकिन अब देश धीरे-धीरे अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में सुद्रढ़ होता जा रहा है और हमने इंग्लैंड को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने माना कि महंगाई का असर लोगों पर पड़ा है। लेकिन इसे कंट्रोल करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को खाद बीज से लेकर कृषि उपकरण और अन्य साजो सामान में लगातार रियायत दी जा रही है। उन्हें जीरो फीसदी ब्याज पर ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

चौधरी का दावा है कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लगातार हर क्षेत्र में प्रगति की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना महामारी के चलते हर व्यक्ति पर इसका असर पड़ा है। लेकिन सरकार मजबूती से इस महामारी का सामना कर रही है और जल्दी ही इस पर काबू पा लिया जाएगा। महंगाई को लेकर उन्होंने सीधा-सीधा कोई जवाब नहीं दिया। लेकिन इतना जरूर कहा कि सरकार महंगाई को लेकर चितिंत है। वह जल्द ही लोगों को रियायत और सकून देने का काम करेंगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!