Sunil Shetty का नाम बॉलीवुड के उन सितारों में गिना जाता है जिन्होंने 90 के दशक में दर्शकों के दिलों पर राज किया। उनका जन्म 11 अगस्त 1961 को मुल्की, मंगलुरु कर्नाटक में हुआ था। 1992 में उन्होंने फिल्म ‘बलवान’ से डेब्यू किया जो सुपरहिट रही। जब शाहरुख खान और आमिर खान जैसे सितारे रोमांटिक हीरो बनकर छाए थे, तब सुनील शेट्टी ने अपने दमदार एक्शन से अलग पहचान बनाई। आज 64वें जन्मदिन पर भी उनकी फिटनेस और करिश्मा देखकर फैंस हैरान रह जाते हैं।
9 साल का इंतजार और अटूट मोहब्बत
सुनील शेट्टी असल जिंदगी में जितने एक्शन हीरो थे, उतने ही बड़े रोमांटिक भी। उन्होंने 1991 में मोनिषा कदरी यानी माना शेट्टी से शादी की, लेकिन इसके लिए उन्हें पूरे 9 साल इंतजार करना पड़ा। अलग-अलग धर्मों से होने के कारण दोनों के परिवार इस रिश्ते को स्वीकारने के लिए तैयार नहीं थे। बावजूद इसके सुनील का प्यार कभी कम नहीं हुआ और उन्होंने धैर्य और सच्ची मोहब्बत से माना का हाथ थामा।
View this post on Instagram
पेस्ट्री शॉप से शुरू हुई प्रेम कहानी
माना और सुनील की मुलाकात किसी फिल्म सेट पर नहीं बल्कि एक पेस्ट्री शॉप पर हुई थी। पहली नजर में ही सुनील उनका दिल हार बैठे। उन्होंने पहले दोस्ती का रिश्ता बनाया और फिर मौका पाकर अपने दिल की बात कह दी। माना ने भी उनका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। हालांकि परिवारों की सहमति के लिए उन्हें लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा और आखिरकार 1991 में दोनों विवाह बंधन में बंध गए।
खुशहाल परिवार की तस्वीर
शादी के एक साल बाद यानी 1992 में माना ने बेटी अथिया को जन्म दिया। इसके बाद बेटा अहान हुआ। अथिया ने भी पिता के नक्शेकदम पर चलकर फिल्मों में कदम रखा, लेकिन फ्लॉप फिल्मों के चलते उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली। अब वह क्रिकेटर केएल राहुल की पत्नी और एक बेटी की मां हैं। वहीं, अहान शेट्टी जल्द ही ‘बॉर्डर 2’ में नजर आने वाले हैं जिसमें सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ भी होंगे।
प्यार और परिवार के प्रति समर्पण
सुनील शेट्टी की जिंदगी इस बात का सबूत है कि सच्चा प्यार समय और हालात की परीक्षा में भी सफल होता है। आज भी वह माना के साथ अपने रिश्ते को उतना ही सम्मान और प्यार देते हैं जितना पहले दिन देते थे। 34 साल का यह सफर सिर्फ एक शादी की कहानी नहीं बल्कि भरोसे, समझ और इंतजार की मिसाल है।


