आज जारी हो सकती है कांग्रेस प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट,इन नामों पर चर्चा हुई तेज

भोपाल। प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद उपचुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इसके लिए खंडवा लोकसभा समेत 3 विधानसभा की सीटों पर आगामी 30 अक्टूबर को वोटिंग होगी। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया 11 अक्टूबर से ही शुरू हो जाएगी। 13 अक्टूबर को नाम वापसी के बाद 30 को मतदान होगा इसके बाद 2 नवंबर को मतगणना होगी। अब तारीखों की घोषणा के बाद पार्टियों ने अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है। कांग्रेस ने पृथ्वीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है।

कांग्रेस ने पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी ने पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे नितेंद्र सिंह राठौर पर भरोसा जताया है। वहीं खंडवा लोकसभा सीट पर राजनारायण सिंह का नाम लगभग तय माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी ने राजनारायण सिंह के नाम पर सहमति जता दी है। हालांकि अभी तक पार्टी ने आधिकारिक तौर पर उनके नाम की घोषणा नहीं की है। लेकिन पूर्व विधायक राजनारायण सिंह के नाम की चर्चा तेज है। राजनारायण सिंह को दिग्विजय सिंह का करीबी माना जाता है।

वहीं अब जोबट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की बात करें तो यहां से सुलोचना रावत ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली है। ऐसे में महेश पटेल के नाम की चर्चा यहां तेज हो गई है। अब माना जा रहा है कि महेश पटेल यहां से कांग्रेस की तरफ से चुनाव के मैदान में उतर सकते हैं। इसके साथ ही रैगांव सीट पर भी दो नामों की चर्चा जोरों पर है। यहां से कल्पना वर्मा और उषा चौधरी का नाम काफी चर्चा में है। हालांकि अब माना जा रहा है कि कल्पना वर्मा को टिकट मिलना लगभग तय माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी आज यानी मंगलवार को अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर सकती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!