G-LDSFEPM48Y

फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, एमपी के इन जिलों में हो सकती है बारिश

भोपाल। वर्तमान में अलग–अलग स्थानों पर दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। हालांकि इनकी वजह से सिर्फ इंदौर संभाग में कुछ नमी मिल रही है। मध्य प्रदेश के शेष संभागों के जिलों में धूप के तेवर तीखे बने हुए हैं। इस वजह से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना रहेगा। 15 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं। इससे अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट होने लगेगी।

 

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। विदर्भ से लेकर कर्नाटक तक एक ट्रफ लाइन बनी हुर्इ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन दो मौसम प्रणालियों के कारण इंदौर संभाग के जिलों में अरब सागर से कुछ नमी मिल रही है। इस वजह से खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर के अलावा बैतूल जिले में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। मध्य प्रदेश के शेष जिलों में अभी दो दिन तक तापमान और बढ़ सकता है। इस दौरान राजगढ़ जिले में लू भी चल सकती है।

 

 

शुक्ला के मुताबिक 15 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने के आसार हैं। उसके प्रभाव से नमी मिलने के कारण मध्य प्रदेश में कहीं–कहीं बादल छा सकते हैं। उधर गुरुवार को राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साथ ही बुधवार के न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!