ग्वालियर। पुरानी छावनी इलाके में रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ ज्यादती का मामला सामने आया है। किशोरी के माता पिता मजदूरी करते हैं और आरोपित ने दुष्कर्म उस समय किया, जब वह अपने घर में अकेली थी। इस दौरान उसने फोटो व वीडियो बना लिए, इन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह 4 माह तक गलत काम करता रहा। इस मामले में पुरानी छावनी थाना पुलिस ने दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धारा में एफ आई आर दर्ज कर ली है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरानी छावनी स्थित इंदिरा वली गांव में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी के माता-पिता मजदूरी करते हैं। यह लोग यहां किराए से रहते हैं। जुलाई माह की बात है जब रायरू फार्म क्षेत्र में रहने वाला सत्येंद्र सिंह गुर्जर किशोरी के घर में जबरन घुस आया। उसने किशोरी के साथ जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। उसने इसका फोटो और वीडियो भी बना लिए। इसके बाद इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार किशोरी के साथ गलत काम करता रहा। बीते रोज किशोरी घर में रो रही थी तभी उसके माता-पिता की नजर उस पर पड़ी।
जब उसकी मां ने उससे रोने का कारण पूछा तब उसने अपना दर्द बताया। के बाद किशोरी के माता-पिता उसे लेकर पुरानी छावनी थाने पहुंचे। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने तत्काल इस मामले में किशोरी का मेडिकल कराने के बाद दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में एफ आई आर दर्ज कर ली है। पुलिस रात को ही आरोपित सत्येंद्र सिंह गुर्जर के घर पहुंची लेकिन वह घर से गायब था। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।