ग्वालियर। विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट महेंद्र सैनी की कोर्ट में पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह को 24 सितंबर को उपस्थित होना है। कोर्ट में उन्हें अपना बयान दर्ज कराने हैं। लंच से पहले दिग्विजय सिंह उपस्थित हो सकते हैं। श्रीधाम एक्सप्रेस से ग्वालियर आ रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने आरएसएस व भाजपा के खिलाफ गलत बयान देने के मामले अपना पक्ष रखना है। जिसके चलते कोर्ट ने जमानती वारंट पर तलब किया था। हालांकि अभी तक दिग्विजय सिंह कोर्ट में पेश होंगे या नहीं। अभी निश्चित नहीं हुआ है। लेकिन पार्टी के सूत्रों के मुताबिक वे आ सकते है।
अधिवक्ता अवधेश सिंह भदौरिया ने स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) व भाजपा के खिलाफ गलत बयान देने को लेकर दिग्विजय सिंह पर मानहानि का केस दायर किया है। 31 अगस्त 2019 को दिग्विजय सिंह ने भिंड के एक राजनीतिक कार्यक्रम में कहा था कि एक बात मत भूलिए, जितने भी पाकिस्तान के लिए जासूसी करते पाए गए हैं, वह भाजपा, आरएसएस व बजरंग दल से पैसे ले रहे हैं। एक बात और बताता हूं कि पाकिस्तान की जासूसी संस्था आइएसआइ के लिए जासूसी मुसलमान कम कर रहे हैं, उससे ज्यादा गैर मुसलमान ज्यादा कर रहे हैं। इसी बयान को आधार मानते हुए दिग्विजय सिंह पर मानहानि का दावा पेश किया गया है।
इस केस में दिग्विजय सिंह की गवाही होनी है। उनका पक्ष रखने के लिए कोर्ट समय दे रहा था, लेकिन भदौरिया के विरोध के बाद कोर्ट ने जमानती वारंट जारी किया था। गवाही को लेकर दिग्विजय सिंह के अधिवक्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। ज्ञात है कि यदि दिग्विजय सिंह जमानती वारंट पर उपस्थित नहीं होते हैं तो गिरफ्तारी वारंट जारी हो सकता है। इसलिए शनिवार को कोर्ट के सामने मौूद रहेंगे।
Recent Comments