Toothaches: अक्सर अचानक दांत में चुभन जैसा दर्द होता है और हम इसे ठंडा या मीठा खाने से जोड़ लेते हैं। लेकिन लगातार या बार-बार होने वाला दांत दर्द किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। आमतौर पर लोग इसे हल्के में लेते हैं, जबकि यह शरीर में गहरे चल रही समस्याओं का इशारा भी हो सकता है।
दांत दर्द के सामान्य कारण
यशोदा अस्पताल के ओरल और मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. अनमोल अग्रवाल के अनुसार, दांत दर्द के कई सामान्य कारण होते हैं। पहला कारण है दांतों की सफाई में लापरवाही। मीठा, चिपचिपा या अम्लीय खाना खाने के बाद अगर मुंह साफ न किया जाए तो दांतों में सड़न शुरू हो जाती है। यह सड़न धीरे-धीरे नसों तक पहुंचती है और तेज दर्द होने लगता है

मसूड़ों की सूजन और ब्रशिंग की गलत आदतें
दूसरा बड़ा कारण है मसूड़ों में सूजन। जब मसूड़ों में सूजन आती है, तो दांत हिलने लगते हैं और कई बार पस भी बनने लगता है। तीसरा कारण है गलत ब्रश का इस्तेमाल – जैसे बहुत सख्त ब्रश, जोर से ब्रश करना या दांत पीसने की आदत। इन सब कारणों से भी दांतों में दर्द हो सकता है।
दांत दर्द का संबंध अन्य बीमारियों से
बहुत से लोग नहीं जानते कि दांत दर्द केवल दांतों से जुड़ी बीमारी नहीं है। कई बार यह दिल की बीमारी, साइनस संक्रमण या न्यूरोलॉजिकल समस्या का लक्षण भी हो सकता है। कुछ मामलों में हार्ट अटैक से पहले जबड़े या दांतों में दर्द की शिकायत होती है, जो बेहद गंभीर संकेत हो सकता है।
बचाव ही सबसे अच्छा इलाज
दांत दर्द से बचने के लिए सबसे जरूरी है – मुंह की सही सफाई। दिन में दो बार ब्रश करें, फ्लॉस का उपयोग करें और मीठा या चिपचिपा खाने के बाद कुल्ला करना न भूलें। हर छह महीने में डेंटल चेकअप करवाना चाहिए, भले ही कोई समस्या न हो। अगर दांतों में लगातार दर्द, मसूड़ों से खून या जबड़े में भारीपन महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।


