Uttarakhand Accident: टिहरी में पलटा कांवड़ियों से भरा ट्रक, 3 की दर्दनाक मौत, 18 घायल, 4 की हालत नाजुक

Author Picture
By Sharma Published On: July 3, 2025
Uttarakhand Accident: टिहरी में पलटा कांवड़ियों से भरा ट्रक, 3 की दर्दनाक मौत, 18 घायल, 4 की हालत नाजुक

Uttarakhand Accident: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल ज़िले में कांवड़ियों से भरा एक ट्रक अचानक ताच्छला मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और कई श्रद्धालु उसमें दब गए। इस दुर्घटना में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग दिल्ली और हरियाणा से हरिद्वार कांवड़ भंडारे की सेवा के लिए जा रहे थे।

हादसे के मंजर के बीच एक दिल छू लेने वाला दृश्य भी सामने आया। ट्रक के मलबे से जब लोगों को निकाला जा रहा था तब 4 साल का मासूम बच्चा नकुल एकदम सुरक्षित बाहर निकला। न तो उसे कोई खरोंच आई और न ही कोई चोट। यह देख हर किसी की आंखें नम हो गईं और लोग इसे ‘ईश्वरीय चमत्कार’ कहने लगे।

स्थानीय पुलिस और SDRF ने चलाया राहत बचाव अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही नरेंद्रनगर पुलिस, SDRF और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। कई लोगों को ट्रक के नीचे से बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। घायलों को पहले फाकोट अस्पताल भेजा गया और गंभीर हालत वालों को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। हादसे में जिन तीन कांवड़ियों की मौत हुई उनकी पहचान विक्की, सुनील सैनी और संजय के रूप में हुई है।

Uttarakhand Accident:  टिहरी में पलटा कांवड़ियों से भरा ट्रक, 3 की दर्दनाक मौत, 18 घायल, 4 की हालत नाजुक

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, घायलों के लिए की दुआ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि राहत कार्य में कोई कमी न हो और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए।

नरेंद्रनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा के अनुसार हादसा सुबह नौ बजे के आसपास फाकोट और जाजल के बीच ताच्छला के पास हुआ। तेज ढलान पर ट्रक का नियंत्रण बिगड़ गया और वह पलट गया। हालांकि अभी हादसे के पीछे की असली वजह का पता नहीं चला है लेकिन प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा नियंत्रण खोना मुख्य कारण माना जा रहा है।