G-LDSFEPM48Y

कमलनाथ के KGF अवतार का वीडियो वायरल,बीजेपी ने कहीं यह बड़ी बात

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर पैरोडी वीडियो की इंट्री हो गई है। इस बार यह वीडियो कमलनाथ पर बना है। एक मिनट के फिल्मी वीडियो में हीरो के मुंह पर कमलनाथ का मुखौटा लगाया गया है। यह वीडियो कहता है कि मध्य प्रदेश में शिवराज के जंगल राज से छुटकारा दिलाने के लिए आ रहे हैं कमलनाथ। कांग्रेस नेता मशीन गन लोड करते हैं और मध्य प्रदेश की कथित समस्याओं को उड़ाते नजर आ रहे हैं।

 

इस वीडियो को कांग्रेस के नेता बड़े जोर-शोर से शेयर कर रहे हैं। हीरो को पुलिस की जीपों को मशीन गन से उड़ाते दिखाया गया है। जीपों पर महिला अपराध, बाल अपराध जैसी समस्याओं का जिक्र है। इस वीडियो के जरिए कहा गया है कि कमलनाथ 2023 में रिटर्न होने वाले हैं। यानी फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने वाले हैं। दरअसल, 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी और कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया था। 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थकों ने कांग्रेस छोड़ी और भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर राज्य में सरकार बना ली थी। तब से ही इस तरह के वीडियो दोनों तरफ से बनते रहे हैं।

 

कमलनाथ के वीडियो पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जबलपुर में कहा कि क्या उन्हें यहां अफगानिस्तान दिख रहा है जो वीडियो जारी किया है उसमें वे गन लोड कर रहे हैं। क्या भारत का समाज ऐसा है? देश के अंदर, क्या राजनीति में गन की जरूरत है? जो वीडियो जारी किया है, उन्हें उसे देखना चाहिए। प्रेम भाव के साथ आइए, समाज में पहुंचिए, जनता से मिलिए, पर ये तो गन लोड़ कर रहे हैं।यह गांधीजी का देश है। चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष बोस ने भी यहां लड़ाई की है। मैंने जब से संगठन की जिम्मेदारी ली है तब से वे कमिंग सून आ रहे हैं। उनकी पार्टी करती रहे जो भी करना चाहे। हम अपने हिसाब से अच्छा काम कर रहे हैं।

 

 

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ जी किस पर गोली चला रहे हैं यह स्पष्ट कर दें। वह यह स्पष्ट करें कि ऐसे मारधाड़, रहस्य-रोमांच के वीडियो जारी कर रहे हैं सेवा के भी वीडियो जारी करें। कोविड काल में सेवा करते हुए वीडियो दिखा दें। ऐसे जा तो रहे नहीं हैं कम से कम ऐसे ही वीडियो दिखा दें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!