MP में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम में बदलाव, पढ़ें IMD अपडेट

भोपाल। मध्यप्रदेश में मार्च के दूसरे हफ्ते से ही तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी हो गई है। राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म स्थान रतलाम रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

विशेषकर गुजरात से सटे इलाकों में गर्मी का असर अधिक देखने को मिल रहा है। राजधानी भोपाल और इंदौर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी जिलों में गर्मी अधिक

प्रदेश के पश्चिमी इलाकों के जिलों में तापमान पूर्वी जिलों की तुलना में अधिक बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि रात के तापमान में ज्यादा वृद्धि नहीं हुई है और कुछ जिलों में रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं।

प्रमुख शहरों का तापमान

सोमवार को धार-रतलाम में दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उज्जैन में 37 डिग्री, भोपाल और इंदौर में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार, 12 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर अगले एक-दो दिनों में प्रदेश के तापमान पर देखने को मिलेगा। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

पिछले तीन दिनों का तापमान विवरण

पिछले तीन दिनों से प्रदेश में गर्मी का प्रभाव बढ़ा है। सोमवार को धार-रतलाम में 38 डिग्री, शिवपुरी-मंडला में 37 डिग्री, गुना में 36.5 डिग्री, खरगोन में 36 डिग्री, सागर, सिवनी, नर्मदापुरम-टीकमगढ़ में 35.8 डिग्री, खजुराहो में 35.6 डिग्री, दमोह-बैतूल में 35.5 डिग्री, नरसिंहपुर में 35.2 डिग्री और खंडवा में 35.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इंदौर में 35.6 डिग्री, भोपाल में 35.4 डिग्री, ग्वालियर में 34.5 डिग्री और जबलपुर में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

रात का तापमान

रविवार और सोमवार की रात में धार में सबसे ज्यादा तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, भोपाल और इंदौर में रात का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

आगे का मौसम

तीसरा सप्ताह उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से इंदौर संभाग में न्यूनतम तापमान 20-23 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पूरे प्रदेश में दिन का तापमान 34-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। चौथा सप्ताह रीवा और शहडोल संभागों में न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि भोपाल समेत अन्य क्षेत्रों में यह 23-26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जबलपुर संभाग में अधिकतम तापमान 37-40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मार्च के आखिरी दिनों में ग्वालियर, चंबल, इंदौर, उज्जैन, सागर और रीवा संभागों में लू चलने की संभावना है।

यह भी पढ़िए : भोपाल के 3 स्कूलों को मिली सीरियल ब्लास्ट की धमकी, पढ़ें पूरी खबर

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!