MP में भारतीय रेलवे बना रहा ये 5 बड़ी टनल,इतनी रफ़्तार से दौड़ेंगी ट्रैन

Author Picture
By Sharma Published On: October 9, 2021

भोपाल। रेलवे भोपाल और इटारसी के बीच तीसरी रेल लाइन बिछा रहा है। इसके लिए 5 रेल टनल बनाई जा रही हैं। इनका काम युद्ध स्तर पर जारी है। फरवरी 2023 तक ये पांचों सुरंगें तैयार हो जाएंगी। भोपाल-इटारसी तीसरी लाइन परियोजना 26.50 किमी लंबी है। यहां ट्रेनें 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी।

 

रेलवे पहली टनल बुदनी के पास बना रहा है। यह एक किमी लंबी है। इस लाइन को विंध्याचल पर्वत के मिडघाट सेक्शन पर बनाया जा रहा है। दूसरी टनल 200 मीटर की बनाई जा रही है। तीसरी टनल का काम भीमकोठी के पास चल रहा है। यहां 250 मीटर की टनल बन रही है। चौथी टनल 150 मीटर लंबी और पांचवीं टनल 450 लंबी बनाई जा रही है। इनका निर्माण चौका कैबिन के पास किया जा रहा है।

 

इन टनल की ऊंचाई 9 मीटर और चौड़ाई 8 मीटर है। इन पांचों टनल का निर्माण आंध्र प्रदेश की मैक्स इंफ्रा लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना की लागत 170 करोड़ रुपए है। इसमें एनएटीएम (न्यू अस्ट्रेलियन टेक्नोलॉजी मैथर्ड) अपनाई गई है। इसे घोड़े की नाल की तरह बनाया जा रहा है।

 

जानकारी के मुताबिक, मिडघाट और चौका कैबिन की बिल्डिंग का निर्माण कर लिया गया है। अब यहीं से ट्रेनों को ट्रैफिक डायरेक्शन दिया जाएगा। मिड घाट पर दो फ्लोर की बिल्डिंग 300 स्क्वेयर फीट में बनाई गई है। चौका में दो मंजिला बिल्डिंग का निर्माण 150 स्क्वेयर फीट में किया गया है।