उपचुनाव में तीन सीटों पर बीजेपी का कब्जा,शिवराज खेमे में जश्‍न शुरू

Author Picture
By Sharma Published On: November 2, 2021

भोपाल। खंडवा लोकसभा सीट के साथ पृथ्‍वीपुर, रैगांव और जोबट विधानसभा उपचुनाव के मतों की गिनती प्रगति पर है। रैगांव सीट को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी सभी सीटों पर अच्‍छी जीत की ओर कदम बढ़ा रही है। पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर भाजपा के खेमे में खुशी का माहौल है।तीन सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित मानकर सीएम शिवराज ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्‍होंने कहा कि यह राज्‍य और केंद्र सरकार के कार्यों की जीत है। हम जो काम जनजातीय लोगों के लिए कर रहे हैं यह उस पर मुहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी इसमें हमें भरपूर समर्थन दिया है। यह पार्टी के हर कार्यकर्ता की विजय है।

जोबट के बारे में उन्‍होंने कहा कि आदिवासियों ने राज्‍य सरकार पर भरोसा जताया है। वहीं पार्टी अध्‍यक्ष वीडी शर्मा ने भी इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताते हुए खुशी जा‍हिर की है।

पार्टी की बढ़त के बाद मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्‍यक्ष वीडी शर्मा भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां दोनों ने पार्टी के अन्‍य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आतिशबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मिठाई वितरित की। मध्‍य प्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह ने भी पार्टी की सफलता पर खुशी जाहिर की।