दिग्गी से मिलने का टाइम नहीं,CM शिवराज ने की कमलनाथ से मुलाकात

Author Picture
By Sharma Published On: January 21, 2022

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से मुलाकात का समय मांगने और धरने के बीच एक प्रसंग ने राजनीतिक हलकों में सरगर्मी फैला दी। आज ही स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की मुलाकात हुई।

 

बताया जाता है कि सीएम शिवराज ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से करीब आधा घंटे तक बातचीत की। कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई दोनों नेताओं की चर्चा बताई जा रही है।भाजपा प्रवक्‍ता डाक्‍टर हितेश वाजपेयी ने कमेंट किया कि दोनो में अच्छे सम्बंध हैं पर दिखावे के लिये दिग्विजय जी को पोलिटिकल नौटंकी करनी होती है। नहीं तो सब आपस में मित्र ही हैं। इस मुलाकात पर कमल नाथ के मीडिया प्रवक्‍ता नरेन्‍द्र सलूजा ने भी ट्वीट कर दिया।

 

मुलाकात के बाद सीएम देवास कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए तो कमल नाथ दिग्विजय के धरने पर पहुंच गए। कुछ समय बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ धरना स्थल से रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि स्टेट हैंगर पर मेरी मुलाकात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से हुई। उन्होंने बताया कि दिग्विजय सिंह जी धरने पर बैठे हैं। मैंने उन्हें 23 जनवरी को मिलने का समय दिया है। उसके बाद मैं सीधे यहां आ गया। मैंने किसानों से उनकी समस्या जानी है। हमारा स्पष्ट मानना है कि किसानों के हित की बात को सबसे पहले सुनना चाहिए।