मुख्यमंत्री ने कहा जिला स्तर पर करवाएं उपचार, बड़े नगरों में न जाये

Author Picture
By Sharma Published On: September 9, 2020
shivraj

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्री परिषद बैठक के पूर्व कोविड19 की मप्र में स्टेट्स की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अन्य स्थानों से रोगी भोपाल और अन्य बड़े नगरों में उपचार के लिए आ रहे हैं। ये रोगी अपना उपचार जिला स्तर पर ही करवा सकते हैं। प्रत्येक जिले में उपचार उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वर्तमान केस संख्या को देखते हुए बिस्तर क्षमता भी बढ़ाएं। इसके साथ ही प्रत्येक जिल कंट्रोल कमांड केंद्र सक्रिय हों, यहां डॉक्टर भी परामर्श देने के लिए उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। आवश्यक हो तो प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र में उपयोग में लाई जा रही ऑक्सीजन का भी उपचार में प्राथमिकता से उपयोग होना चाहिए। जागरूकता के प्रयास बढ़ें। बसों में यात्री अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं, यह परिवहन विभाग सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनलॉक के बाद अब बाजार खुल रहे हैं। साथ ही चुनौती भी बढ़ रही हैं। इसलिए निरंतर सावधानियां बरती जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 बड़े नगरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर में जिलों से काफी रोगी आते हैं। यह स्थिति बहुत आदर्श नहीं है, क्योंकि अन्य जिलों में भी नागरिक इलाज करवा सकते हैं,लेकिन यहां व्यवस्थाएं भी पुख्ता हों। इन अस्पतालों में जरूरत के मान से अधिक बिस्तर व्यवस्था भी की जाए।मुख्यमंत्री नेइसे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जन द्वारा मॉस्क के उपयोग की अनिवार्यता भी सुनिश्चित हो। इसके लिए भी अभिया चलता रहे।