ग्वालियर। अमेजन कंपनी के स्टोर संचालक ने एक विवाहिता को ऑफिस में प्रोडक्ट पैकिंग की नौकरी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसके न्यूड फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह कई बार महिला से अपने ऑफिस में दुष्कर्म कर चुका है। घटना दिसंबर 2021 से 22 जनवरी 2022 के बीच तानसेन नगर ऑफिस की है। घटना के बाद बदनामी के डर से महिला चुप रही, लेकिन उसने नौकरी छोड़ दी। आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा तो उसने आपबीती पति को सुनाई। जिसके बाद पति के साथ वह ग्वालियर थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।
रेशम मिल निवासी 30 वर्षीय जानवी (बदला हुआ नाम) विवाहित महिला है। पति एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। घर की माली हालत ठीक न होने के कारण महिला जॉब की तलाश कर रही थी। वह कुछ समय पहले तानसेन नगर स्थित अमेजन कंपनी स्टोर के स्थानीय संचालक नितिन जैन निवासी श्रीकृष्ण कॉलोनी से मिली थी। नितिन ने अपने तानसेन नगर ऑफिस में उसे प्रोडक्ट पैकिंग का काम दिया था। दिसंबर 2021 में वह काम कर रही थी और दूसरा कर्मचारी ऑफिस में नहीं था। तभी कंपनी के संचालक नितिन जैन वहां पर आया और उसे अकेला देखकर अपने ऑफिस में बुलाया। वह यहां पर पहुंची तो आरोपी ने धमकाकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात को अंजाम देते समय आरोपी ने उसके फोटो और वीडियो भी बना लिए और धमकी दी कि अगर उसने मुंह खोला तो वह उसे बदनाम कर देगा। धमकी से विवाहिता चुप रही तो आरोपी उसका शोषण करने लगा। अब जब उसके शोषण से परेशान हो गई तो थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी तो वह अपने कमरे में सो रहा था। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर हवालात पहुंचा दिया है। आरोपी से पूछताछ भी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दीपक यादव का कहना है कि महिला कर्मचारी की शिकायत पर दुष्कर्म व ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अभी उससे पूछताछ कर मामले में सुराग जुटाए जा रहे हैं।
Recent Comments