पूर्व प्रधानमंत्री की गोली मारकर हत्या, PM मोदी बोले, मेरे पास दुख जताने को शब्द नहीं

नई दिल्ली।जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक हमलावर ने एक कार्यक्रम के दौरान शिंजो आबे पर तब गोली चला दी, जब वो स्पीच दे रहे थे। जापानी मीडिया के सूत्रों के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया था लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। हमलावर ने उन्हें सीधे दिल पर गोली मारी थी। जापान के अधिकारियों का कहना है कि एयरलिफ्ट करते वक्त आबे के दिल की धड़कन बंद थी और उनकी सांस नहीं चल रही थी। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी पहचान नारा शहर के रहने वाले 41 वर्षीय तेत्सुया यामागामी के तौर पर की गई है, जो नौसैनिक बताया जा रहा है। जापान के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी मिली है कि वह घटनास्थल पर पत्रकार बनकर आया था।

भारत-जापान के संबंधों में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अहम भूमिका निभाई थी। शिंजो आबे के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक उल्लेखनीय प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। वहीं केंद्र सरकार ने भारत में शिंजो आबे के निधन पर एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।

 

हमले के बाद जापान के मौजूदा प्रधानमंत्री किशिदा ने देश को संबोधित करते हुए कहा था कि शिंजो की हालत गंभीर है और उन्हें बचाने के पूरी कोशिश की जा रही है। प्रधानमंत्री किशिदा ने कहा कि शिंजो आबे पर ये हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी हमलावरों के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। विस्तृत जानकारी सामने आने पर ही इस बारे में जानकारी दी जाएगी। इस बीच हमले की खबर सुनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा है कि मैं अपने प्रिय दोस्त शिंजो आबे पर हमले की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। उन्होंने शिंजो आबे, उनके परिवार व जापान के नागरिकों के लिए प्रार्थना की है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!