ग्वालियर। ग्वालियर के सराफा बाजार में दो ठग महिलाएं एक सराफा दुकान में कस्टमर बनकर दाखिल हुई। व्यापारी की आंखों के सामने 50 हजार रुपए की सोने की चेन चोरी कर ले गई। महिलाओं का कहना था कि उन्हें भाईदूज पर अपने भाई को यह गिफ्ट करना है। घटना सराफा बाजार आरएल गेल्ड ज्वेलर्स की है। महिलाओं के जाने के बाद जब वह गहनों का मिलान कर रहे थे तो एक चेन कम नजर आई। सीसीटीवी खंगाले तो महिलाएं चेन उठाकर रखती हुई दिख रही हैं। चोरी का अहसास होते ही व्यापारी थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। अब यह सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिससे पता चल सके कि महिलाएं कौन थीं।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सराफा बाजार स्थित आरएल गोल्ड पर गहने देखने पहुंची महिलाएं शोरूम संचालक को चकमा देकर एक सोने की चेन चोरी कर ले गईं। चोरी गई चेन 10 ग्राम की बताई गई है जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपए है। महिलाओं के फुटेज दुकान में लगे CCTV कैमरों में आए है। शोरूम संचालक अशोक कुमार गुप्ता ने घटना की शिकायत फुटेज के साथ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में शोरूम संचालक ने बताया कि दोनों महिलाएं गहने देखने के लिए शाम को पहुंची थी। दोनों महिलाओं ने कुछ देर चेन व गहने देखे और फिर कुछ देर में वापस आने की बात बोलकर चलीं गईं। महिला ग्राहकों के जाने के बाद जब शोरूम संचालकों ने गहने चेक किए तब एक चेन कम थीं। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को जब चेक किया तब दोनों महिलाओं में से एक महिला चेन देखते समय एक चेन को हाथ की हथेली में छिपाकर दूसरी चेन देखती रही और फिर छिपाई चेन को दूसरे में हाथ में लेकर कपड़ों में छिपा कर चली गई।
महिलाओं ने दुकान पर यह बताया कि वह अपने भाई के लिए सोने की चेन खरीद रही हैं। उसे भाईदूज पर भाई को यह उपहार में देना है। जिस समय शोरूम संचालक अशोक कुमार महिलाओं को गहने दिखा रहे थे पास ही एक कर्मचारी निगरानी कर रहा था। उस कर्मचारी के कारण महिलाएं हाथ साफ नहीं कर पा रही थीं। फिर एक ठग महिला ने पानी मांगा, जैसे ही कर्मचारी पानी पीने गया महिला ने हाथ की सफाई दिखा दी। इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी राजीव गुप्ता ने बताया कि सराफा बाजार में दुकान पर ग्राहक बनकर आई महिलाओं ने सोने की चेन चोरी की है। व्यापारी ने शिकायत की है। जांच की जा रही है।
Recent Comments