इंदौर। राजेंद्रनगर क्षेत्र में नौ साल की बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नकाबपोश एक बदमाश माता-पिता के साथ सो रही बच्ची को अगवा कर ले गया। घर से 50 मीटर दूर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया। आरोपित एक महीने पूर्व ही जेल से छूटा है। 10 साल पूर्व उसने चार साल की भतीजी से दुष्कर्म किया था। डीसीपी जोन-1 अमित तोलानी के मुताबिक घटना अमितेषनगर की है। एक इमारत का चौकीदार दंपती दो बेटी, बेटों के साथ सो रहा था। शुक्रवार रात 12:33 बजे नकाबपोश बदमाश इमारत में घुसा और नौ साल की बच्ची को उठा कर ले गया। गहरी नींद में सोई बच्ची का उसने इतनी जोर से मुंह दबाया कि वह आवाज भी नहीं निकाल पाई। आरोपित घर से 50 मीटर दूर चोइथराम सब्जी मंडी (फूल मंडी) के पास ग्रीन बेल्ट की खाली जगह पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपित बच्ची को अंधेरे में छोड़कर फरार हो गया। करीब आधा घंटे बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची और मां को पूरी घटना बताई। शनिवार दोपहर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित अहिरखेड़ी से चंदन उर्फ चमन पुत्र लक्ष्मण निवासी अहिरखेड़ी को गिरफ्तार कर लिया। टीआइ अजय कुमार मिश्र के मुताबिक 32 वर्षीय चंदन ने वर्ष 2012 में भी चार साल की भतीजी के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपित उस वक्त तेजपुर गड़बड़ी क्षेत्र में रहता था। इस मामले में चंदन को वर्ष 2014 में 10 साल की सजा हो चुकी है। वह पिछले महीने ही जेल से रिहा हुआ है।
अपहरण और दुष्कर्म की खबर से हड़कंप मच गया। एसीपी निहित उपाध्याय और टीआइ अजय कुमार मिश्र पहुंच गए। इमारत के सीसीटीवी फुटेज निकाले और तीन टीमें गठित की। फुटेज से तीन संदेहियों को पकड़ा गया। दुष्कर्म के मामलों में शामिल रहे पुराने अपराधियों को भी पकड़ा गया। रिकार्ड के आधार पर चंदन को पकड़ा तो उसने घटना कुबूल ली। आरोपित को राऊ थाने में बैठाया गया। यहां से राजेंद्रनगर थाना लाते वक्त सिपाहियों को ट्रक के सामने धक्का देकर कूद गया। हालांकि उसे तुरंत दबोच लिया। आरोपित ने जुर्म कुबूल कर लिया है।
बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म की एक महीने में दूसरी घटना है। 13 अक्टूबर को चंदननगर थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण हुआ था। ट्रक चालक दिनेश डाबर दोस्त की बेटी को अगवा कर कैट रोड ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित बच्ची को झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने दिनेश को भी फुटेज के आधार पर पकड़ लिया।
Recent Comments