ग्वालियर। ग्वालियर के तारागंज में मकान के लिए एक देवर ने अपनी ही भाभी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था। गंभीर हालत में महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां 29 दिन तड़पने के बाद आखिरकार वह जिंदगी की जंग हार गई। मौत से पहले महिला ने देवर द्वारा जलाने के बयान दिए थे। शुक्रवार को महिला की मौत के बाद पुलिस ने तत्काल देवर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उस पर पहले से ही तीन हजार का ईनाम भी घोषित है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
शहर के जनकगंज स्थित तारागंज नयापुरा निवासी 46 वर्षीय ऊषा माहौर पत्नी विनोद माहौर को उसके ही देवर ने जिंदा जलाया था जिसके बाद महिला की मौत हो गई है। मृतका ऊषा के पति विनोद तीन भाई हैं। तीनों में नयापुरा तारागंज स्थित पुश्तैनी मकान और दुकान को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इस कारण वह अलग-अलग किराए पर रहते हैं। 4 नवंबर रात को महिला पुश्तैनी घर पर पूजा करने के लिए पहुंची थी। जब वह पूजा कर रही थी, तो उसका देवर मनोज माहौर हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आया और उस पर उड़ेल दी थी। महिला को जिंदा जलाकर मारने के इरादे से आग लगा दी। आग लगाने के बाद आरोपी भाग गया। आग लगने के बाद ऊषा खुद को बचाने के लिए चिल्लाई।
कुछ समझ नहीं आया, तो बाहर सड़क पर दौड़ लगा दी। इस पर स्थानीय लोगों ने आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया था। साथ ही महिला के पति और पुलिस को सूचना दी थी। महिला की हालत गंभीर होने पर पुलिस ने देवर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पर महिला की हालत हर दिन के साथ गिरती जा रही थी। 2 दिसंबर की सुबह ऊषा ने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को निगरानी में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
देवर मनोज माहौर मकान को लेकर रंजिश रखता है। मैं जब पुश्तैनी घर पर पूजा करने पहुंची तो वह बोतल लेकर आया। पेट्रोल मेरे ऊपर डाल दी। जब तक मैं कुछ समझ पाती, मनोज ने आग लगा दी। मुझे आसपास कोई नहीं दिखा तो बचने के लिए सड़क पर दौड़ गई। इसके बाद बेहोश हो गई। जब होश आया तो मैं अस्पताल में थी। मेरा पूरा शरीर जला हुआ था। जैसा महिला ने मौत से पहले बयान में कहा था। जनकगंज थाना से सब इंस्पेक्टर रामचन्द्र शर्मा ने बताया कि एक महिला करीब एक महीने पहले जल गई थी। जिसने उपचार के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया था। मौत से पहले महिला ने बयान दिया था, जिसमें देवर पर आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Recent Comments