ग्वालियर। ग्वालियर में पति-पत्नी के बीच का झगड़ा इस हद तक पहुंच गया कि पति ने पत्नी के साथ बेडरूम में बनाए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। यह विडियो बेहद आपत्तिजनक हैं। जब महिला को उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से इन विडियो के वायरल होने की खबर मिली तो उसने विरोध किया। जिस पर पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामला उपनगर ग्वालियर की मछली मंडी का है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है।
शहर के लधेड़ी मछली मंडी निवासी 25 वर्षीय महिला एमए पास है। दो साल पहले उसकी शादी दतिया निवासी 27 वर्षीय युवक से हुई थी। युवक एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। शादी में महिला के परिजन ने लड़के को दहेज में बुलेट (बाइक) दी थी। शादी के छह महीने तक सब ठीक चला, लेकिन उसके बाद युवती को उसका पति परेशान करने लगा। युवक बुलेट की जगह कार की मांग करने लगा। इसी को लेकर उसने कई बार महिला के साथ मारपीट भी की। जिसके कारण पीड़िता ग्वालियर अपने मायके आ गई। यहां महिला थाने में उसने घरेलू हिंसा की शिकायत कर दी। इसी शिकायत को वापस लेने के लिए पति लगातार पत्नी पर दबाव डाल रहा था।
युवक धमकाता था कि यदि उसने मामला वापस नहीं लिया तो वह उसके फोटो-वीडियो वायरल कर देगा। पर महिला ने मामला वापस लेने से साफ मना कर दिया। जिस पर आरोपी पति ने पत्नी के साथ बेडरूम के कुछ विडियो वायरल कर दिए। एक दिन पहले महिला अपने घर पर काम कर रही थी कि तभी एक दोस्त का कॉल आया कि उसका विडियो वायरल हो रहा है। इसका पता चलते ही उसने पति का वॉट्सएप स्टेटस चेक किया तो उसके वॉटसएप स्टेटस पर भी बेडरूम के कुछ अपत्तिजनक वीडियो और फोटो दिखे। इसी बीच अन्य लोगों से पता चला कि फेसबुक पर भी यह वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसका पता चलते ही महिला थाने पहुंची और मामले की शिकायत की।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति को हर छोटी-छोटी बात पर वीडियो बनाने का शौक है। शादी होने के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो पति ने उसके कई वीडियो बनाए। इनमें कुछ वीडियो बेडरूम के भी बनाए थे। उस समय वह मना करती थी, लेकिन वह कहता था कि यह वीडियो वह किसी को दे नहीं रहा है। यह वह अपने लिए बना रहा है, लेकिन अब पता लगा कि उसके मन में क्या चल रहा था। पुलिस का कहना है कि महिला का पति से विवाद चल रहा था। जिसकी शिकायत उसने पुलिस में कर रखी थी। इसी मामले को वापस लेने के लिए आरोपी धमका रहा था और उसके वीडियो वायरल कर दिए। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ धमकाने व वीडियो वायरल करने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।