आज आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, इन इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल

Author Picture
By Sharma Published On: February 24, 2023

सतना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को सतना आएंगे। वे दोपहर एक बजे हेलीकाप्टर से मैहर पहुंचेंगे। मां शारदा के दर्शन करेंगे, इसके बाद मंदिर परिसर में कन्या पूजन करेंगे और भंडारा में शामिल होंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी रहेंगे। जिसके बाद दोनों नेता हेलीकाप्टर से दोपहर तीन बजकर पांच मिनट पर सतना पहुंचेंगे। यहां पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शबरी माता जयंती पर आयोजित कोल जनजाति महाकुंभ के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

 

शाम सवा पांच बजे सतना मेडिकल कालेज का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, वन मंत्री विजय शाह, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रात्रि विश्राम सतना में करेंगे। रात में ही वह स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर सकते हैं। शनिवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ खजुराहो के लिए रवाना होंगे।