27.1 C
Bhopal
Friday, September 20, 2024

चुनाव को लेकर भाजपा की पार्टी कार्यालय में हुई अहम बैठक

Must read

भोपाल। प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार सुबह एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुरलीधर राव सहित भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और शिवराज कैबिनेट के अनेक मंत्री शामिल हुए। आज मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जन्‍मदिन भी है। सुबह पार्टी कार्यालय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पहुंचने पर पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी डा. रामशंकर कठेरिया, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने उन्हें शुभकामनाएं देकर उनका अभिनंदन किया। जिसके बाद सुबह साढ़े नौ बजे मंत्रियों की बैठक शुरू हुई। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में बूथ विस्तार अभियान की रणनीति को लेकर विशेष तौर पर चर्चा हुई। भाजपा का बूथ विस्‍तार अभियान 14 मार्च शुरू हो रहा है। मंत्रियों के साथ बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में लगाया शीशम और चीकू का पौधा।

इससे पहले शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भोपाल पहुंचे तो प्रदेश की सियासी गतिविधियां तेज हो गईं। प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में पार्टी नेताओं ने तय किया कि जिन स्थानों पर भाजपा कमजोर स्थिति में है, वहां स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के छोटे नेताओं को पार्टी में शामिल कराया जाए। ऐसे नेताओं के बारे में संगठन स्तर से नाम प्रदेश को भेजे जाएंगे। इसमें जाति आधार से लेकर पंचायत या नगरीय निकाय के प्रतिनिधियों को भाजपा में लाने की तैयारी है।

मध्य प्रदेश में 18 हजार बूथ ऐसे हैं, जहां भाजपा कमजोर है। इन बूथों को चिह्नित कर प्रकोष्ठ उसे मजबूत करने की जिम्मेदारी ले। भाजपा वहां बड़े अंतर से जीते, इसकी कार्ययोजना बनाएं। 14 मार्च से बूथ सशक्तीकरण अभियान चलेगा। बूथ कमेटी, पन्ना प्रमुख बनाएं जाएं। बूथ के कार्य तय समय सीमा में पूरे हों। इस दिशा में भी प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका है। अप्रैल माह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 100 वां संस्मरण प्रसारित होगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर समाज के प्रबुद्धजन, हितग्राही इसमें सम्मिलित हों, इस दिशा में भी प्रकोष्ठ कार्ययोजना बनाएं। यह बात भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने शनिवार को भोपाल में सभी प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक में कही। उन्होंने हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर भी जोर दिया। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा शामिल थे।

शिवप्रकाश ने कहा कि मोदी जी की योजना, शिवराज जी के काम और भाजपा की नीतियां लेकर समाज के बीच जाएं, हमें अपार जनसमर्थन मिलेगा। आमजन को यह बात समझाने का काम हमें करना है और उन्हें बताना है कि किस तरह कुछ लोगों द्वारा समाज में भाजपा को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में मोदी जी के नाम का डंका बज रहा है। भाजपा के लिए देश और प्रदेश में अनुकूल माहौल है। हमें विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल को जीतना है और 2024 में मोदी जी के नेतृत्व में प्रचंड जीत हासिल करनी है।

पी. मुरलीधर राव ने कहा कि मध्य प्रदेश में कार्य विस्तार के आधार और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर 200 सीटें पार होगी। पार्टी ने 51 प्रतिशत वोट शेयर का जो लक्ष्य तय किया है उसमें हमारी क्या भूमिका होगी ? इस दिशा में भी प्रकोष्ठ कार्ययोजना बनाकर काम करें। प्रकोष्ठ नए मतदाताओं को जोड़ने के अभियान में जुटें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लक्ष्य बनाकर काम करेंगे तो पार्टी इतिहास रचेगी। कार्यकर्ता के रूप में भाजपा के पास बड़ी ताकत है।

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest News

error: Content is protected !!