Saturday, April 19, 2025

फौजी ने मुंह में रखकर फोड़ा पटाखा, हुई की मौत

धार। धार जिले में अमझेरा थाने के ग्राम जलोख्या में सोमवार रात शादी समारोह के दौरान मुंह में पटाखा रखकर फोड़ना एक फौजी को महंगा पड़ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है, युवक भारतीय सेना में फौजी था और छुटि्टयों में धार स्थित अपने घर आया था। धार से वह परिचित के यहां शादी समारोह में शामिल होने ग्राम जलोख्या पहुंचा था, जहां यह घटना घटी।

 

 

 

थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया, निर्भय सिंह (35) पुत्र प्रताप सिंह सिंगार ग्राम जलोख्या में परिचित मोहन बिलवाल के पुत्र बबलू की शादी में शामिल होने के लिए आया था। जहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान निर्भय सिंह ने आकाश में जाकर फूटने वाला पटाखा मुंह में रखकर जला दिया, लेकिन पटाखा आकाश में जाकर फूटने के बजाय निर्भय सिंह के मुंह में ही फूट गया। इससे उसका मुंह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसकी मौत हो गई। घटना रात के करीब आठ बजे की है। निर्भय सिंह ने इससे पहले वाला पटाखा हाथ में रखकर जलाया था और फिर दूसरा पटाखा मुंह में रखकर जलाया। निर्भय सिंह के शव को रात में ही अमझेरा अस्पताल लाया गया।

 

 

वहीं, मंगलवार सुबह इंदौर से एसएफएल जांच अधिकारी डा. मयूरी ने शव की जांच की। इसके बाद अमझेरा अस्पताल के चिकित्सक डा. बहादुर सिंह ने पोस्टमॉर्टम कर शव स्वजन को सुपुर्द किया। डा. सिंह ने बताया कि मृतक का विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। मृतक फौजी का अंतिम संस्कार पैतृक ग्राम जलोख्या में किया गया। भारतीय सेना के फौजियों ने शामिल होकर ससम्मान अंतिम विदाई दी।

 

निर्भय सिंह भारतीय सेना में फौजी था। वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर में पदस्थ था। छुट्टियों में वह अपने घर धार आया हुआ था। बताया जा रहा है कि निर्भय सिंह मूलत: ग्राम जलोख्या का ही रहने वाला था। इसी के चलते परिचित के यहां वह शादी समारोह में शामिल होने आया था। पांच भाइयों में वह सबसे छोटा था। घटना की जानकारी लगने के बाद पत्नी सुमन और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। पुलिस ने मृतक के पिता प्रताप सिंह पुत्र जगन्नाथ सिंगार की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!