आज आंबेडकर जन्मस्थली पर कांग्रेस की रैली, राहुल-प्रियंका करेंगे संबोधन

भोपाल। जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान के अंतर्गत कर्नाटक के बेलगावी के बाद कांग्रेस की दूसरी रैली सोमवार को मध्य प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में होगी। इसमें पार्टी जहां भाजपा को संविधान और वंचित-आदिवासी विरोधी सिद्ध करने का प्रयास करेगी, वहीं संविधान की रक्षा का संकल्प दिलाया जाएगा।

रैली को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाड्रा सहित वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस का यह पहला बड़ा कार्यक्रम है।

दावा- दो लाख लोग जुटेंगे
इसके माध्यम से पार्टी पूरे देश में यह संदेश देना चाहती है कि भाजपा संविधान और डॉ. आंबेडकर की विरोधी है। यही कारण है कि रैली के लिए डॉ. आंबेडकर की जन्मस्थली महू का चयन किया गया है। यहां पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि रैली में दो लाख से अधिक डॉ. आंबेडकर के अनुयायी और कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।

पटवारी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतंत्र और समानता के मूल्यों की रक्षा के लिए एक राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा और गृहमंत्री अमित शाह ने डा. आंबेडकर का अपमान किया है। कांग्रेस के नेता महू में इस अपमान के विरुद्ध आवाज बुलंद करेंगे और गृहमंत्री से माफी मांगने की मांग को दोहराएंगे।

महू को कुछ लोग पर्यटन स्थल के रूप में देख रहे हैं : डा. मोहन यादव
उधर, भाजपा भी कांग्रेस के आरोपों का जवाब आक्रामक तरीके से देने में जुट गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को ग्वालियर में जहां संविधान गौरव दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, वहीं रविवार को वह महू पहुंचे और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अस्थि कलश के दर्शन किए।

यहां उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते कहा कि कुछ लोग डॉ. आंबेडकर की जन्मस्थली को पर्यटन स्थल के रूप में देख रहे हैं। वह यहां इवेंट कर रहे हैं। महू को केवल राजनीतिक कार्यक्रम का माध्यम नहीं बनाना चाहिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!