इंदौर: दो दिन की ट्रेनिंग के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी 90 हजार रुपये लेकर फरार, कागजात भी निकले फर्जी

Author Picture
By Partho Banarjee Published On: August 9, 2026

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के महू नाका स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले नए कर्मचारी ने अपनी ड्यूटी के पहले ही दिन पेट्रोल पंप के कलेक्शन की बड़ी रकम पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गया।

दो दिन की ट्रेनिंग के बाद दिया वारदात को अंजाम

पेट्रोल पंप मैनेजर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, विजय नाम के एक व्यक्ति को हाल ही में पेट्रोल पंप पर कर्मचारी के तौर पर नियुक्त किया गया था। दो दिनों तक ट्रेनिंग लेने के बाद जब उसने अपना काम संभाला, तो वह दिनभर के कलेक्शन के करीब 90 हजार रुपये लेकर रफूचक्कर हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप प्रबंधन ने तुरंत अन्नपूर्णा पुलिस को सूचित किया।

फर्जी दस्तावेजों का संदेह, पुलिस की जांच जारी

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस को कर्मचारी द्वारा नौकरी के समय जमा कराए गए दस्तावेजों पर संदेह है, जो प्रारंभिक पड़ताल में फर्जी प्रतीत हो रहे हैं। आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है, जो तकनीकी साक्ष्यों और अन्य दस्तावेजों के आधार पर फरार कर्मचारी की धरपकड़ में जुटी है।