उज्जैन पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में, घट्टिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 किलो 550 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। इस मामले में एक पुरुष और एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहे थे डोडाचूरा
मुखबिर की सूचना पर घट्टिया थाना पुलिस ने उज्जैन-आगर रोड स्थित बकानिया फंटा के यात्री प्रतीक्षालय पर दबिश दी। यहां एक पुरुष और एक महिला को ट्रॉली बैग में 33 किलो 550 ग्राम डोडाचूरा छिपाकर ले जाते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी मोहम्मद नाजिम और राजस्थान निवासी ज्योति सिंह के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से आया और किसे सप्लाई किया जाना था, ताकि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।