मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ‘कृषक कल्याण वर्ष’ को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार से किसानों की वास्तविक आय, खेती की लागत, फसल के दाम, कर्ज और फसल बीमा जैसे मुद्दों पर ठोस जवाब मांगा है। पटवारी ने कहा कि किसानों को मंच और घोषणाएं नहीं, बल्कि वास्तविक मुनाफा और आय की गारंटी चाहिए।
किसानों की आर्थिक स्थिति पर सवाल
पटवारी ने राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के 2018-19 के आंकड़ों का हवाला दिया, जिसमें मध्यप्रदेश के 48.4% कृषि परिवार कर्जदार थे और औसत मासिक आय राष्ट्रीय औसत से कम थी। उन्होंने सरकार से पूछा कि यदि ‘कृषक कल्याण वर्ष’ में किसानों की आय बढ़ी है, तो उसके ताजा और प्रमाणित आंकड़े सार्वजनिक क्यों नहीं किए जा रहे हैं।
एमएसपी और लागत पर सरकार से हिसाब मांगा
कांग्रेस अध्यक्ष ने एमएसपी को किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का माध्यम बनाने की वकालत की और कहा कि उन्हें उपज का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने बीज, खाद, डीजल जैसी बढ़ती लागतों के बीच किसानों को मिलने वाले वास्तविक मूल्य का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। पटवारी ने जोर दिया कि किसानों को सिर्फ घोषणाएं नहीं, बल्कि आय की गारंटी और मजबूत बाजार चाहिए।