नीमच जिले की जावद कृषि उपज मंडी में अच्छी बारिश के बाद रौनक लौट आई है। हरियाली अमावस्या के अवसर पर मंडी में लहसुन की बंपर आवक देखी जा रही है, खासकर ऊटी लहसुन की। हालांकि, बुनियादी सुविधाओं के अभाव और भारी भीड़ के कारण मंडी में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं, जिससे किसान और व्यापारी दोनों परेशान हैं।
मुख्य द्वार पर कीचड़ और जाम
मंडी के मुख्य गेट के पास गहरे गड्ढे होने से भारी मात्रा में कीचड़ और पानी जमा हो गया है। इससे वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। आज ऊटी लहसुन से भरी लगभग 56 गाड़ियां पहुंचीं, जिससे हालात और बिगड़ गए। किसानों और व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल गेट पर गिट्टी (चूरी) डलवाने की मांग की है।
व्यापारियों का कामकाज प्रभावित
अव्यवस्था के कारण व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। दुकानों के सामने गाड़ियां खड़ी होने से लोडिंग-अनलोडिंग नहीं हो पा रही है, जिससे व्यापार ठप पड़ गया है। मंडी सचिव को भी मौके पर आकर व्यवस्था संभालनी पड़ी। किसानों और व्यापारियों ने प्रशासन से यातायात नियंत्रण और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करने की अपील की है ताकि उन्हें असुविधा न हो।