स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय गीत के दौरान शीर्ष नेताओं की आपसी बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस घटना को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप लगाते हुए देशव्यापी विरोध शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के दमोह में भी भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया।
मंत्री लोधी ने जताई कड़ी नाराजगी
दमोह में संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मंत्री लोधी ने कहा कि वंदे मातरम हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है और इसका अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा का कांग्रेस पर हमला
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के व्यवहार से स्पष्ट है कि राष्ट्रीय गीत के प्रति उनकी कोई श्रद्धा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे मातरम को संवैधानिक सम्मान दिलाया है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है।