कटनी की सीएसपी नेहा पच्चीसिया कानूनी मुश्किलों में घिर गई हैं। कुठला थाने में उनके साथ क्षितिज राज और मारुफ अहमद के खिलाफ जमीन सौदे में धांधली के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई एएसपी अन्नू बेनीवाल की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जमीन सौदे में गड़बड़ी का आरोप
शिकायतकर्ता आकाश लोधी का आरोप है कि उनके पिता पर दबाव बनाकर कन्हवारा गांव की जमीन मारुफ अहमद के नाम रजिस्ट्री कराई गई। जांच में सामने आया कि 82.86 लाख रुपये की गाइडलाइन वाली जमीन की रजिस्ट्री महज 18.20 लाख रुपये में की गई और भुगतान के लिए रजिस्ट्री के दिन ही अन्य खातों से पैसे ट्रांसफर किए गए थे।
अन्य मामलों में भी जांच जारी
सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर पहले से ही दो अन्य मामलों में जांच चल रही है। इनमें एक ट्रांसपोर्टर से अवैध वसूली का आरोप और हत्या के मामले में समय पर चालान पेश न करने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट जमानत मिलने का मामला शामिल है।