इंदौर के प्रतिष्ठित फाइव स्टार सयाजी होटल में खाद्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाई हैं। स्वच्छता के मानकों में भारी लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के चलते प्रशासन ने होटल के सभी किचन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
गंदगी और असुरक्षित भोजन का अंबार
जांच के दौरान किचन में चूहे, कॉकरोच और चूहों की लीद पाई गई, जबकि सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। कोल्ड स्टोरेज में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को एक साथ रखने के साथ ही बिना लेबल वाली एक्सपायर्ड सामग्री का उपयोग किया जा रहा था, जो ग्राहकों की सेहत के लिए बड़ा खतरा है।
लाइसेंस शर्तों का खुला उल्लंघन
होटल प्रबंधन की बड़ी चूक यह भी सामने आई कि उनके पास मौजूद लाइसेंस में मांसाहारी भोजन परोसने और बेकरी चलाने की अनुमति ही नहीं थी, फिर भी ये गतिविधियां धड़ल्ले से चल रही थीं। विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लैब में भेजे हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।