शहडोल के उत्कर्ष और रघुराज क्रमांक-2 स्कूल के छात्र अपनी बदहाल शैक्षणिक स्थिति को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे इन विद्यार्थियों ने जर्जर भवन और क्लासरूम में पानी भरने की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया।
नई बिल्डिंग के बावजूद पुरानी इमारत में पढ़ाई
छात्रों का आरोप है कि नई स्कूल बिल्डिंग बनकर तैयार है, लेकिन हैंडओवर न होने के कारण उन्हें जर्जर कमरों में बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने से उनकी किताबें और कॉपियां खराब हो रही हैं, जिससे उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित है।
प्रशासन पर सवाल
विद्यार्थियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नई बिल्डिंग का उपयोग शुरू किया जाए। वहीं, प्राचार्य का कहना है कि व्यवस्थाएं सुधारी जा रही हैं, जबकि छात्रों का कलेक्ट्रेट पहुंचना यह दर्शाता है कि शिक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है।