ग्वालियर जिले के डबरा में सीएम हेल्पलाइन के निराकरण को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। नगर पालिका के एक मामले में शिकायतकर्ता से बिना संपर्क किए ही पोर्टल पर समस्या सुलझाने का दावा कर दिया गया, जिससे मुख्यमंत्री के ‘जन-विश्वास अभियान’ की मंशा पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
रिकॉर्ड में दर्ज ‘संपर्क’, हकीकत में चुप्पी
वार्ड क्रमांक 12 में गंदगी और सफाई व्यवस्था को लेकर 13 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई गई थी। पोर्टल पर अधिकारियों ने दावा किया कि शिकायतकर्ता से संपर्क कर समस्या दूर कर दी गई है, जबकि शिकायतकर्ता का कहना है कि न तो उनसे कोई बात हुई और न ही उन्हें कार्रवाई की कोई जानकारी दी गई।
जवाबदेही पर उठता सवाल
केवल पोर्टल पर शिकायत बंद कर देने से जनता का विश्वास नहीं बढ़ेगा। अब यह जांच का विषय है कि बिना किसी संवाद के निराकरण का स्टेटस कैसे अपडेट किया गया और जिम्मेदार अधिकारियों ने किस आधार पर गलत जानकारी पोर्टल पर दर्ज की।