उत्तराखंड में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ और उन पर हुई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने देशभर में मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में इंदौर में महिला कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मनुस्मृति का प्रतीकात्मक दहन किया।
एफआईआर न दर्ज होने पर आक्रोश
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खरगे के अपमान मामले में दोषियों पर एफआईआर दर्ज न होने पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि दलित नेताओं के प्रति इस तरह की मानसिकता और कार्रवाई में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई का विरोध
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेंगी और भाजपा की कथित भेदभावपूर्ण नीतियों का विरोध करती रहेंगी।