मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित कुआखेड़ा गांव में जन्माष्टमी के मौके पर एक बेहद साहसी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। करीब 40 फीट की ऊंचाई और 120 फीट लंबे रस्से के सहारे पानी के ऊपर मटकी तक पहुंचना इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं।
साहस और संतुलन की परीक्षा
इस अनूठी परंपरा की शुरुआत 10 साल पहले गांव के युवाओं ने की थी। प्रतिभागी को रस्सी पर लटककर संतुलन बनाते हुए मटकी तक पहुंचना होता है, जबकि आयोजनकर्ता रस्सी को हिलाकर चुनौती को और कठिन बना देते हैं।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को मोबाइल और नशे की लत से दूर रखकर शारीरिक रूप से सक्रिय बनाना है। विजेता को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है और इस साल ग्राम सुंदरादेही के गनपत सिंह ने यह खिताब अपने नाम किया है।